
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। जनपद के प्रमुख व्यावसायिक और आवासीय क्षेत्रों को जोड़ने वाले देवी अहिल्याबाई चौक के सुंदरीकरण और विकास की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। चौक पर भव्य ‘देवी अहिल्याबाई द्वार’ के निर्माण की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। आगामी 31 मई को मनाई जाने वाली देवी अहिल्याबाई होलकर की जयंती से ठीक पहले शुक्रवार सुबह चौक पर प्रस्तावित निर्माण द्वार का विधि-विधान से शिलान्यास कार्यक्रम संपन्न हुआ।
इस गरिमामयी कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल के प्रतिनिधि अनुज कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर समाज के लोगों को द्वार निर्माण का भरोसा देते हुए कार्य का शुभारंभ कराया। इस दौरान समिति के अध्यक्ष देशबंधु तोमर, दर्शन सिंह धनगर, अरविंद धनगर, उमेश पाल, राजबीर पाल, स्व. बिजेंद्र पाल के पुत्र नितिन पाल सहित अन्य समाज के लोगों ने भी हवन_पूजन और द्वार शिलांयास कार्यक्रम में भाग लिया।
कच्ची सड़क मार्ग पर दिखेगी भव्यता, बजट हुआ स्वीकृत
शिलान्यास के अवसर पर राज्यमंत्री के प्रतिनिधि अनुज कुमार ने स्थानीय नागरिकों को बधाई देते हुए कहा कि देवी अहिल्याबाई चौक से कच्ची सड़क की ओर जाने वाले मुख्य रास्ते पर इस भव्य द्वार का निर्माण कराया जा रहा है। यह द्वार न केवल शहर की सुंदरता को बढ़ाएगा, बल्कि महान शासिका देवी अहिल्याबाई होलकर के योगदान और उनके इतिहास को भी जीवंत रखेगा। उन्होंने लोक निर्माण विभाग और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य में उच्च गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने शहरवासियों को आश्वस्त किया कि शासन स्तर से इस द्वार के निर्माण के लिए आवश्यक वित्तीय स्वीकृति (बजट) जारी की जा रही है, जिससे विकास कार्य में धन की कोई कमी आड़े नहीं आएगी।
क्षेत्रवासियों में हर्ष, जयंती पर मिलेगी सौगात
31 मई को होने वाले मुख्य जयंती समारोह से ठीक पहले इस शिलान्यास से क्षेत्र के व्यापारियों और नागरिकों में भारी उत्साह है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस मार्ग पर भव्य द्वार बनने से क्षेत्र की एक अलग पहचान बनेगी। कार्यक्रम के दौरान भारी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, गणमान्य नागरिक और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने इस ऐतिहासिक कार्य के लिए राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल का आभार व्यक्त किया। अधिकारियों के मुताबिक, शिलान्यास के तुरंत बाद ही निर्माण की तकनीकी प्रक्रियाओं को पूरा कर मौके पर काम शुरू करा दिया जाएगा।
Post Views: 165













Total views : 323594