
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। ईंधन की बचत करने के उद्देश्य से मुजफ्फरनगर जिला अस्पताल के अधिकारियों और कर्मचारियों ने एक सराहनीय मिसाल पेश की है। शनिवार को जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) डॉ. संजय वर्मा अपने पारंपरिक पेट्रोल वाहन को छोड़कर अपनी नई इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी से कार्यालय पहुंचे।
सीएमएस की इस पर्यावरण-अनुकूल पहल से प्रेरणा लेकर अस्पताल के अन्य स्टाफ सदस्यों ने भी ईंधन बचाने का संकल्प लिया। अस्पताल के फार्मासिस्ट अनिल कुमार और संजीव लांबा सहित कई अन्य कर्मचारियों ने शनिवार को पेट्रोल वाहनों का इस्तेमाल पूरी तरह बंद रखा और अपने घरों से अस्पताल तक का सफर साइकिल चलाकर तय किया।
इस मौके पर मीडिया से बात करते हुए सीएमएस डॉ. संजय वर्मा ने कहा कि यह कदम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देशवासियों से ईंधन बचाने और पर्यावरण को सुरक्षित रखने के आह्वान से प्रेरित होकर उठाया गया है। उन्होंने कहा कि ईंधन की बढ़ती खपत और प्रदूषण आज के समय की बड़ी चुनौतियां हैं। यदि हर व्यक्ति सप्ताह में कम से कम एक दिन भी पेट्रोल-डीजल वाहनों का त्याग कर इलेक्ट्रिक वाहनों या साइकिल का उपयोग करे, तो देश के ईंधन की बड़ी बचत होगी और पर्यावरण भी स्वच्छ रहेगा। अस्पताल स्टाफ की इस अनोखी पहल की शहर में हर तरफ सराहना हो रही है।
Post Views: 125












Total views : 310481