
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर (मोरना) तीर्थ नगरी शुक्रताल में शुक्रवार देर रात एक निर्माणाधीन मकान में लिंटर डालने का कार्य कर रहे एक 18 वर्षीय मजदूर की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान भोपा थाना क्षेत्र के कस्बा भोकरहेड़ी (मोहल्ला हरिजन चौक) निवासी विपिन पुत्र ओमपाल के रूप में हुई है। युवक की अचानक हुई मौत से परिवार में कोहराम मच गया और पूरे कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों ने मकान मालिक और लेबर ठेकेदार पर लापरवाही बरतने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
देर रात काम के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, भोकरहेड़ी निवासी विपिन (18 वर्ष) शुक्रवार की देर शाम करीब 9:30 बजे शुक्रताल में जनेश्वर सैनी के मकान पर लिंटर डालने के काम पर गया था। कार्य के दौरान वह अचानक हाई-वोल्टेज विद्युत करंट की चपेट में आ गया और मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़ा। साथी मजदूरों और स्थानीय लोगों की मदद से विपिन को अत्यंत गंभीर हालत में तत्काल भोपा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया, जहां तैनात चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक विपिन अपने परिवार में सबसे छोटा था। उसके परिवार में वृद्ध पिता ओमपाल के अलावा दो शादीशुदा भाई , एक छोटा भाई अक्षय और चार बहनें हैं। परिजनों ने रुंधे गले से बताया कि विपिन की मां संतोष की बीते वर्ष ही कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के कारण मौत हुई थी। अभी परिवार उस सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि घर के सबसे छोटे कमाऊ सदस्य की मौत ने पूरे परिवार को तोड़ कर रख दिया। मृतक के ममेरे भाई रणवीर ने बताया कि विपिन बेहद मेहनती था। शुक्रवार की सुबह भी वह छपार गांव में लिंटर डालने गया था, वहां से लौटने के बाद देर शाम दोबारा शुक्रताल में काम करने चला गया था।
हादसे की खबर मिलते ही जिला पंचायत सदस्य पति व आसपा नेता संजय रवि, आसपा नेता अंकुर गंगवालिया, बबलू कुमार, संजय एडवोकेट, बलधारी, हरेंद्र, अमर सिंह, मिन्टू, मनोज, शीशराम ने पीड़ित परिवार से मिलकर अपनी गहरी शोक संवेदना प्रकट की। उधर, थाना प्रभारी निरीक्षक आशुतोष कुमार ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया यह मामला एक दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है, लेकिन परिजनों के आरोपों को ध्यान में रखते हुए घटना की गहनता से जांच की जाएगी।
Post Views: 179













Total views : 364314