
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर: पीआर पब्लिक स्कूल में दसवी बोर्ड परीक्षा परिणाम आते ही उत्सव का माहौल रहा। विद्यालय के विद्यार्थियों ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन के बल पर शानदार प्रदर्शन करते हुए न केवल अपना, बल्कि विद्यालय और जनपद का नाम भी गौरवान्वित किया है।


विद्यालय का कुल परीक्षा परिणाम इस वर्ष अत्यंत सराहनीय रहा। मेधावी छात्र आर्य कौशिक ने 95.2% अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं, गौरव ने 94.2% अंकों के साथ द्वितीय, वर्णिक ने 92.2% अंकों के साथ तृतीय और मुद्रिका गर्ग ने 91.6% अंक प्राप्त कर चतुर्थ स्थान प्राप्त किया।

विभिन्न विषयों में विद्यार्थियों ने शत-प्रतिशत की उपलब्धि के करीब पहुँचकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। मुख्य आकर्षण पी.ए.टी. (PAT) विषय रहा, जिसमें वैभव सिंघल और विराट कुमार ने 100 में से 100 अंक प्राप्त कर कीर्तिमान स्थापित किया। अन्य प्रमुख प्रदर्शन इस प्रकार रहे:
-
हिंदी: खुशी (93), आर्या कौशिक (92), मुद्रिका (92), वैभव सिंघल (92)
-
अंग्रेजी: आर्या कौशिक (97), वर्णिक (90)
-
गणित: गौरव कुमार (95), आर्या कौशिक (89), वैभव सिंघल (88)
-
विज्ञान: गौरव कुमार (94), आर्य कौशिक (93)
-
सामाजिक अध्ययन: गौरव कुमार (98), आर्य कौशिक (96), चैतन्य गुप्ता (92)
विद्यार्थियों की इस ऐतिहासिक सफलता पर विद्यालय के प्रधानाचार्य अनघ सिंघल ने हर्ष व्यक्त करते हुए सभी छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों को बधाई दी। उन्होंने अपने संबोधन में कहा, “यह सफलता विद्यार्थियों के अथक परिश्रम, शिक्षकों के सटीक मार्गदर्शन और अभिभावकों के अटूट विश्वास का साझा परिणाम है।”
विद्यालय के प्रबंधक अशोक सिंघल ने सभी सफल मेधावियों का माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर अभिनंदन किया। उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि ये विद्यार्थी भविष्य में भी इसी प्रकार सफलता की नई ऊंचाइयों को छुएंगे और अपने माता-पिता व संस्थान का नाम रोशन करेंगे। परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद विद्यालय परिसर में मिठाई बाँटकर और ढोल-नगाड़ों के साथ खुशी साझा की गई।












Total views : 291901