
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर ( मन्सूरपुर) एम.डी.एस. विद्या मन्दिर इंटर कॉलेज में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि रोहताश कली, ममता देवी, रेनू चौधरी, रीतू चौधरी और प्रबंधक संदीप कुमार ने माँ सरस्वती के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर किया।
हर क्षेत्र में बढ़ती नारी की धमक: समारोह में विद्यालय के बच्चों ने अपनी रचनात्मकता से सबका मन मोह लिया। ज्योति जी के निर्देशन में जहाँ छात्रों ने पेंटिंग के जरिए महिला अधिकारों को उकेरा, वहीं वैशाली राठी के नेतृत्व में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में छात्राओं ने आर्मी ऑफिसर, पायलट, इंजीनियर, डॉक्टर, क्रिकेटर और समाजसेविका जैसी वेशभूषा धारण कर यह संदेश दिया कि आज की नारी किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से कम नहीं है। कक्षा 8 की छात्राओं और अंकिता बत्रा के सफल संचालन में हुए इस कार्यक्रम में ‘उड़ान’ की चाह रखने वाली बेटियों ने मंच पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
संस्कार और सम्मान की सीख: प्रबंधक संदीप कुमार ने “यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते…” श्लोक के माध्यम से विद्यार्थियों को बताया कि जिस समाज में नारी का सम्मान होता है, वहीं सुख-समृद्धि का वास होता है। प्रधानाचार्य अनिल कुमार ने बेटियों की शिक्षा पर जोर देते हुए समाज को जागरूक करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की शिक्षिकाओं को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया और सभी छात्र-छात्राओं ने महिला सम्मान और समानता की शपथ ली। इस दौरान विद्यालय का समस्त स्टाफ और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Post Views: 73













Total views : 236323