यूपी उपचुनाव: सात सीटो पर भाजपा गठबंधन जीत, दो पर चली साइकिल
मीरापुर सीट पर रालोद की मिथलेश पाल ने सपा को दी शिकस्त


यूपी विधानसभा उपचुनाव में नहीं चला सपा का पीडीए फार्मूला
LP Live, Lucknow: उत्तर प्रदेश में नौ विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के घोषित नतीजों ने समाजवादी पार्टी का पीडीए नहीं चल पाया और सात सीटों पर भाजपा गठबंधन ने शानदार जीत हासिल करके सपा की नीतियों को ध्वस्त कर दिया है। सपा को महज दो सीटों पर मिली जीत से ही संतोष करना पड़ा। मुजफ़्फरनगर की मीरापुर विधानसभा सीट के उपचुनाव में भाजपा की सहयोगी रालोद प्रत्याशी मिथलेश पाल ने शानदार जीत हासिल की है। जबकि मुरादाबाद की कुंदरकी सीट पर भाजपा ने 31 साल बाद जीत दर्ज करके इतिहास रचा है।
यूपी की नौ सीटों मीरापुर, कुंदरकी, गाजियाबाद, खैर, फूलपुर, कटेहरी, मझवां, सीसामऊ, करहल पर गत 20 नवंबर को हुए उपचुनाव के नतीजे शनिवार को हुई मतगणना के बाद सामने आए, जिनमें से भाजपा गठबंधन ने सात सीटों पर कब्जा किया और सपा को कानपुर की सीसामऊ और करहल सीट पर जीत मिली है। यूपी की इन सीटों पर औसतन 49.3 प्रतिशत मतदान हुआ था(
मीरापुर में रालोद की मिथलेश पाल जीतीं
मुजफ्फरनगर जिले की मीरापुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा गठबंधन से रालोद की मिथलेश पाल ने जीत दर्ज की है। मिथिलेश पाल ने 84304 वोट हासिल किये, जबकि उनकी निकटतम प्रतिद्वंद्वी सपा प्रत्याशी सुंबुल राणा को मिले 53508 के मुकाबले 30796 अधिक मत लेकर चुनाव जीता है। इस सीट पर कुल 11 प्रत्याशी चुनावी मैदान में अपनी सियासी किस्मत आजमा रहे थे। यूपी की इन सीटों पर औसतन 49.3 प्रतिशत मतदान हुआ था
कुंदरकी में भाजपा की ऐतिहासिक जीत
मुरादाबाद जिले की मुस्लिम बाहुल्य कुंदरकी विधानसभा उपचुनाव में 31 साल बाद भाजपा के प्रत्याशी रामवीर सिंह ने सपा के मोहम्मद रिजवान को हराकर शानदार ऐतिहासिक जीत दर्ज की। रामवीर सिंह को 168526 वोट मिले, जबकि रिजवान को केवल 25334 वोट ही मिल सके। इस प्रकार भाजपा के रामवीर ने सपा के उम्मीदवार को 1,63,192 वोटों के अंतर से करारी शिकस्त दी। 219783 वोटों की गिनती के बाद भाजपा के रामवीर सिंह कुंदरकी में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के प्रतीक बन गए।
गाजियाबाद में संजीव शर्मा ने खिलाया कमल
गाजियाबाद सदर सीट पर भाजपा के संजीव शर्मा 69351 वोटों से जीत गए हैं। संजीव शर्मा को 96946 वोट मिले हैं। सपा को 27595 वोट मिले हैं। बसपा प्रत्याशी को 10736 वोट मिले। इस सीट पर भाजपा व सपा को छोड़कर बाकी सभी प्रत्याशियों की जमानत जब्त हुई है।
फूलपुर सीट पर भाजपा की जीत
प्रयागराज जिले की फूलपुर सीट पर भाजपा प्रत्याशी दीपक पटेल ने 11305 मतों के अंतर से जीत दर्ज की है। भाजपा को 78289 वोट मिले हैं। जबकि सपा को 66,984 मत प्राप्त हुए हैं। बसपा को 15,265 वोट मिले हैं।

मझवां भाजपा की सुचिस्मिता मौर्य विजयी
मिर्जापुर जिले की मझवां विधानसभा सीट के उपचुनाव की मतगणना में आखिरी राउंड की गिनती पूर्ण हो गई है। भाजपा प्रत्याशी सुचिस्मिता मौर्य 4922 वोट से जीतीं। सुचिस्मिता मौर्य को 77737 वोट मिले हैं। जबकि दूसरे स्थान पर सपा की डॉ ज्योति बिंद रहीं, उन्हें 72815 वोट मिले हैं। 34927 वोट हासिल कर बसपा के दीपक तिवारी तीसरे स्थान पर रहे।
खैर में भाजपा की हैट्रिक
अलीगढ़ जिले की खैर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा के सुरेंद्र दिलेर ने सपा की चारु केन को 38,393 वोटों से हरा दिया। यहां भाजपा ने जीत की हैट्रिक लगाई है। पूर्व सांसद किशनलाल दिलेर के नाती व राजवीर दिलेर के पुत्र सुरेंद्र दिलेर ने अपने परिवार की बादशाहत कायम रखते हुए सपा प्रत्याशी चारू कैन को पराजित किया। भाजपा प्रत्याशी को कुल 100181 लाख मत प्राप्त हुए है,तो सपा प्रत्याशी 61788 वोट ही ले सकीं। बसपा प्रत्याशी डा. पहल सिंह को इस बार 13365 वोटों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है। जबकि बाकी सभी प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई।
कटेहरी से धर्मराज निषाद की जीत
अंबेडकरनगर जिले की कटेहरी विधानसभा भी भाजपा प्रत्याशी धर्मराज निषाद ने सपा प्रत्याशी शोभावती वर्मा से 25 हजार से अधिक मतों से हराकर जीत हासिल की। पिछले दो विधानसभा चुनावों से सपा यहां जीतती आ रही थी। उपचुनाव में भाजपा के धर्मराज निषाद ने सपा के किले को भेदते हुए कमल खिलाया।
सात सीटों पर भाजपा+ के मत व जीत का अंतर
कुंदरकी– रामवीर सिंह ठाकुर
गाजियाबाद– संजीव शर्मा- 96946 (69351 से जीत)
फूलपुर– दीपक पटेल- 78289 (11305 से जीत)
मझवां– सुचिस्मिता मौर्या- 77737 (4922 से जीत)
कटेहरी– धर्मराज निषाद- 104091 (34514 से जीत)
खैर– सुरेंद्र दिलेर – 100181 (38393 से जीत)
मीरापुर– मिथिलेश पाल (रालोद)- 84304 (30796 से जीत)
—
करहल व सीसामाऊ सीट पर सपा का कब्जा
कानपुर नगरी की सीसामऊ विधानसभा सीट पर सपा की नसीम सोलंकी ने भाजपा प्रत्याशी सुरेश अवस्थी को 8629 वोटों हराकर जीत हासिल की। नसीम सोलंकी को 69666 वोट मिले हैं, जबकि भाजपा प्रत्याशी सुरेश अवस्थी को 61037 वोट मिले हैं। जबकि यहां बसपा के बीरेन्द्र शुक्ला को महज 1409 वोट मिले। सपा के खाते में दूसरी सीट मैनपुरी की करहल गई है, जो सपा का गढ़ कहलाता है। यहां सपा प्रत्याशी तेज प्रताप यादव ने 1,04,207 वोट लेकर 14704 मतों के अंतर से भाजपा प्रत्याशी अनुजेश यादव को पराजित किया।
