

LP Live, Chandigarh: खेल के क्षेत्र में हरियाणा के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर जिस प्रकार प्रदर्शन कर रहे हैं, उसकी बदौलत भारत का खेल के क्षेत्र में गौरव बढ़ रहा है। एक दिन पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जींद के गांव निडानी के चौधरी भरत सिंह स्पोटर्स स्कूल के कुश्ती खिलाड़ी सुनिल मलिक डबरपुर को अर्जुन अवार्ड देकर सम्मानित किया है। इससे पहले इसी खेल संस्था के तीन अन्य खिलाड़ियों को अर्जुन अवार्ड मिल चुका है।
हरियाणा के जींद जिले के गांव निडानी में चौधरी भरत सिंह स्पोटर्स स्कूल के खिलाड़ी खेल के क्षेत्र में जिस शानदार प्रदर्शन से देश का नाम रोशन करने में लगे हुए हैं। राष्ट्रपति भवन में गत मंगलवार को देश की राष्ट्रपति श्रीमती द्रोपदी मुर्मू ने चौधरी भरत सिंह स्पोटर्स स्कूल निडानी के कुश्ती खिलाडी सुनील मलिक डबरपुर को अर्जुन अवार्ड देकर सम्मानित किया, तो एक साल में इस खेल संस्था के खिलाड़ियों के नाम चार अर्जुन अवार्ड हो गये हैं, जो खेल के क्षेत्र में इस संस्था के लिए बहुत ही गौरव की बात है। खिलाडी सुनील डबरपुर (87 किलो ग्राम भार वर्ग) ने अपने खेल कॅरियर में राष्ट्रीय और अंतराष्ट्रीय स्तर की अनेक प्रतियोगिताओं में दर्जनों मैडल जीतकर प्रदेश और संस्था का मान बढ़ाने का काम किया है। हरियाणा के जींद जिला की एक ही खेल संस्था, जिसके चार खिलाडियों ने महज एक साल में चार अर्जुन अवार्ड प्राप्त किए हैं। इस प्रकार यह देश की ऐसी पहली खेल संस्था बन गई है, जिसने इतने अर्जुन अवार्ड हासिल किये हैं।

उत्साहित हैं संस्था के संरक्षक
जींद की इस खेल संस्थान के संरक्षक एवं प्रदेश के पूर्व डीजीपी डॉ. महेन्द्र सिंह मलिक ने पहलवान सुनील की उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा की चौधरी भरतसिंह मेमोरियल खेल स्कूल देश की ऐसी पहली संस्था बन गई है, जिसके चार खिलाडियों क़ो खेलों का सर्वोच्च अवार्ड अर्जुन अवार्ड राष्ट्रपति द्वारा मिला है। डॉ. महेन्द्र सिंह मलिक ने कहा की सुनील से पहले इसी संस्था की तीन महिला खिलाडिय़ों को अर्जुन अवार्ड मिल चुका है जो कि पूरे क्षेत्र के लिए ख़ुशी की बात है। उन्होंने बताया पिछले साल वर्ष 2023 में भी 30 जनवरी को राष्ट्रपति श्रीमती द्रोपदी मुर्मू द्वारा सीबीएसएम खेल स्कूल निडानी की कुश्ती खिलाडी अंशु मलिक, सरिता मोर और कबड्डी खिलाडी साक्षी पुनियाँ को अर्जुन अवार्ड देकर सम्मानित किया गया था। डा. महेन्द्र सिंह मलिक ने कहा कि आज तक एक संस्था के 4 खिलाडियों को अर्जुन अवार्ड मिलने का भी इस संस्था के खिलाडियों ने इतिहास रच दिया है।
