
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। एमजी पब्लिक स्कूल के संस्थापक अध्यक्ष स्वर्गीय बाबू हरबंस लाल गोयल की 104वीं जयंती मंगलवार को विद्यालय परिसर में श्रद्धा, सम्मान और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय परिवार और अतिथियों ने बाबू जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके सेवा, संस्कार, सत्य और समाज कल्याण के आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ एमजी चैरिटेबल ट्रस्ट के चेयरमैन सतीश चंद गोयल, उपाध्यक्ष विनीत सिंघल और कोषाध्यक्ष रोहित सिंघल की उपस्थिति में हुआ, जहाँ प्रधानाचार्या मोनिका गर्ग ने अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने भजन, समूहगान व सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, वहीं संगीत शिक्षक विपुल छाबड़ा ने ‘शिवार्चनम्’ और देशभक्ति गीत से माहौल को भक्तिमय बना दिया।
समारोह में बाबू जी की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए चेयरमैन सतीश चंद गोयल ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 की कक्षा 12 की छात्राओं को चांदी के सिक्के प्रदान कर सम्मानित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि बाबू जी ने विरासत में धन-संपत्ति के बजाय गौ सेवा, गंगा सेवा और मानव सेवा के अमूल्य संस्कार दिए हैं। कार्यक्रम के दौरान लायंस क्लब इंटरनेशनल के वेस्ट यूपी डिप्टी गवर्नर मुकेश अरोरा ने समाजसेवा व शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सतीश चंद गोयल को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। अंत में प्रधानाचार्या मोनिका गर्ग ने बाबू जी के जीवन को युवा पीढ़ी के चरित्र निर्माण और संस्कारों का प्रेरणा स्रोत बताया।
Post Views: 33












Total views : 393673