

निर्दलीय प्रत्याशियों से भी पिछड़े कांग्रेस के प्रत्याशी
LP Live, Chandigarh: हरियाणा निकाय चुनाव में प्रदेश के दस शहरों के नगर निगम में नौ शहरों में भाजपा के मेयर विजयी हुए, जबकि एक अन्य मानेसर निगम चुनाव में निर्दलीय ने चुनाव जीतकर मेयर की कुर्सी कब्जाई। निकाय चुनाव में भाजपा के सामने कांग्रेस का पूरी तरह से सफाया हो गया है। इन चुनाव में कांग्रेस की ऐसी बुरी तरह हार हो रही है, कि निर्दलीय प्रत्याशी कांग्रेस से बहुत आगे रहे हैं।
प्रदेश के दस नगर निगमों और 32 अन्य निकायों के लिए गत दो मार्च को हुए चुनाव की मतगणना बुधवार सुबह शुरु हुई। मतगणना के दौरान भाजपा के प्रत्याशी शुरुआत से ही बढ़त बनाते दिखाई दे रहे थे। हरियाणा के दस नगर निगम में से नौ में भाजपा के मेयर उम्मीदवार विजयी रहे हैं, जबकि एक मानसेर नगर निगम में निर्दलीय ने मेयर पद का चुनाव जीता है। इन चुनाव में कांग्रेस को जनता ने बुरी तरह से नकार दिया है और एक भी निगम में कांग्रेस का प्रत्याशी नहीं जीता, बल्कि कांग्रेस प्रत्याशी निर्दलीय प्रत्याशियों से भी पिछड़ते नजर आए। भाजपा के नौ नगर निगम में भाजपा की जीत में फरीबादाबाद में भाजपा प्रत्याशी की रिकार्ड जीत दर्ज की गई है।
भाजपा के सामने कांग्रेस चित्त
हरियाणा में 8 नगर निगमों में मेयर और वार्ड सदस्यों के चुनाव हुए थे। इनके नतीजे आज आएंगे। अंबाला और सोनीपत नगर निगमों में मेयर पद के उपचुनाव भी हुए थे। 32 नगर निकायों के नतीजे भी आज ही आएंगे। पहले 10 में से 6 नगर निगमों में भाजपा का कब्जा था। दो पर कांग्रेस और एक पर हरियाणा जन चेतना पार्टी की मेयर थीं। मानेसर नगर निगम नया बना है। यहां पहली बार मेयर का चुनाव हुआ है। पानीपत नगर निगम को छोड़कर बाकी सभी जगह 2 मार्च को वोटिंग हुई थी। पानीपत में 9 मार्च को वोट डाले गए थे।
रोहतक के मेयर होंगे राम अवतार
भाजपा ने बुधवार को वोटों की गिनती के बाद 10 में से 9 निगम का कब्जा किया। रोहतक नगर निगम में मेयर पद पर भाजपा के राम अवतार को जीत मिली। उन्होंने कांग्रेस के सूरजमल किलोई को 45198 वोटों से हराया। राम अवतार को 102269 वोट मिले। सुरक्षित सीट पर आईएनएलडी के सूरज तीसरे स्थान पर रहे
फरीदाबाद में भाजपा के प्रवीण जोशी
फरीदाबाद में बीजेपी को बड़ी जीत मिली है। फरीदाबाद में बीजेपी मेयर प्रत्याशी प्रवीण जोशी ने अंतिम राउंड में कांग्रेस की प्रत्याशी लता रानी को 316852 वोटों के अंतर से आगे रहकर जीत हासिल की।
पानीपत की नई मेयर होंगी बीजेपी की कोमल सैनी
पानीपत नगर निगम के मेयर पद के लिए भाजपा कोमल सैनी ने शानदार जीत हासिल की है। बुधवार को वोटों की गिनती के बाद कोमल सैनी ने कांग्रेस की सविता संजय गर्ग को 95930 वोटों से हराया। कोमल सैनी को 124737 वोट मिले जबकि सविता गर्ग को 28807 वोटों से संतोष करना पड़ा।
सोनीपत में भी खिला कमल
सोनीपत में बीजेपी के राजीव जैन ने जीत हासिल की है। उन्होंने कांग्रेस के कमल दीवान को 34749 वोटों से हराया। राजीव जैन को 57858 वोट मिले, जबकि कमल दीवान को 23209 वोट मिले। सोनीपत में बीएसपी के धर्मवीर 1424 वोट लेकर तीसरे स्थान पर रहे।
करनाल से जीती भाजपा की रेनूबाला गुप्ता
करनाल नगर निगम अब बीजेपी रेनूबाला गुप्ता नई मेयर चुनी गई है। उन्होंने कांग्रेस के मनोज वधवा को 25359 वोटों से हराया। 18 राउंड की गिनती के बाद रेनूबाला गुप्ता को 83630 वोट मिले जबकि मनोज वाधवा को 58271 वोट मिले। करनाल पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर का इलाका है।
सोहना से भाजपा की प्रीति बांगड़ी बनेंगी चेयरमैन
सोहना में बीजेपी की प्रीती बागड़ी को विजयश्री मिली है। उन्होंने कांग्रेस की ललिता को 4504 वोटों से हरा दिया। प्रीती को 11191 वोट मिले जबकि ललिता को 6687 वोट मिले। जीत के बाद उन्हें जीत का सर्टिफिकेट दिया गया।
