

पानीपत व यमुनानगर में शुरु हुई ई बस सेवा
LP Live, Chandigarh: पर्यावरण संरक्षण की दिशा में ई-वाहन प्रणाली को बढ़ावा देने की दिशा में हरियाणा सरकार ने पहले चरण में 375 इलेक्ट्रिक बसों की खरीद की है। राज्य के नौ शहरों में इलेक्टि्रक बसों की सेवा शुरु की जा रही है। पहले चरण में पानीपत और यमुनानगर ई बसों का संचालन शुरु किया गया है।
यह जानकारी हरियाणा के परिवहन एवं उच्चतर शिक्षा मंत्री मूल चंद शर्मा ने सोमवार को जगाधरी बस अड्डे से इलेक्ट्रिक बस सेवा की शुरुआत करते हुए दी। इससे पहले मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पानीपत बस अड्डे की शुरुआत के समय ई बस सेवा आरंभ की थी। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश के नौ शहरों में इलेक्ट्रिक बस सेवा की शुरुआत की जा रही है। सरकार ने सिटी बस सर्विस के लिए जेबीएम कंपनी के साथ 12 साल का समझौता किया गया है। इस समझौते में सरकार 12 साल में 2450 रुपये खर्च करेंगी। बस के सभी खर्चे कम्पनी द्वारा किए जाएंगे, परंतु परिचालक हरियाणा रोडवेज का होगा। मूल चंद शर्मा ने सोमवार को जगाधरी बस अड्डे से इलेक्ट्रिक बस सेवा की शुरुआत बस के गेट पर फीता काट कर की। उन्होंने स्वयं बस सुविधा की जांच के लिए बस में अधिकारियों व अन्य अतिथियों के साथ सफर किया। उन्होंने बताया कि पहले 7 दिन यह बस सेवा नगरवासियों के लिए नि:शुल्क होगी जिसकी घोषणा मुख्यमंत्री ने पानीपत में की थी। बस का किराया भी 10 रुपये से 50 रुपये के बीच में होगा। यमुनानगर में 1 से 5 किलोमीटर के लिए 10 रुपये, 5 से 8 किलोमीटर के लिए 15 रुपये तथा 8 से 20 किलोमीटर के लिए 20 रुपये किराया चार्ज किया जाएगा।

यमुनानगर में 50 इलेक्ट्रिक बसें चलेगी
परिवहन मंत्री शर्मा ने कहा कि हरियाणा रोडवेज देश का ऐसा पहला राज्य है जहां पर इलेक्ट्रिक सिटी बस सेवा उपलब्ध करवाई जा रही है। नागरिकों की सुविधा के लिए इस बस में किराया भी सामान्य होगा। प्रदेश में 375 इलेक्ट्रिक बसें खरीदी जा चुकी हैं जोकि प्रदूषण रहित हैं। यमुनानगर में 50 इलेक्ट्रिक बस भेजी जाएंगी। परिवहन मंत्री ने बताया कि प्रदेश में करीब 4150 बसों का बेड़ा है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की कमी को पूरा करने के लिए हरियाणा सरकार द्वारा रोडवेज में 3500 ड्राइवर व कंडक्टरों की भर्ती और इसके अतिरिक्त 1500 भर्ती एचकेआरएन के तहत की गई।
इन शहरों में चलेंगी इलेक्ट्रिक बसें
राज्य के परिवहन मंत्री ने बताया कि पहले चरण में पानीपत, यमुनानगर, पंचकूला, अम्बाला, करनाल, सोनीपत, रिवाड़ी, रोहतक और हिसार में स्थानीय सिटी बस सेवाएं प्रदान की जाएगी, जिसमें पानीपत व यमुनानगर में इसकी शुरुआत हो गई है। अन्य जिलों में जून तक शुरुआत कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि 115 करोड़ की लागत से सभी 9 शहरों में अलग से सिटी बस सेवा डिपो का निर्माण किया जा रहा है। इन डिपो पर चार्जिंग जैसी सभी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
