

LP Live, New Delhi: कांग्रेस नेता राहुल गांधी को भारत में अच्छे काम शायद पसंद नहीं आ रहे, तभी तो हर विदेश यात्रा में भारत को बदनाम करने और पीएम मोदी का अपमान करने की आदत में शुमार हो रहे हैं। यह बात केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी के अमेरिका में दिए गए राहुल गांधी के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कही।
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने बुधवार को कहा कि राहुल गांधी अपनी हर विदेश यात्रा में भारत का अपमान करने के आदी हो चुके हैं। जहां भी जाते हैं वह भारत और पीएम मोदी का अपमान करने से नहीं चूकते, जबकि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत आज विश्व की पांचवी अर्थव्यवस्था वाला देश बन चुका है और विश्व के देश भारत की तरफ देखकर उसका सम्मान कर रहे हैं। राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि यूपीए सरकार के दौरान भारत दुनिया की लड़खड़ाती चरमराती अर्थव्यवस्थाओं में आता था, लेकिन आज पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बन गया है। उस समय यूपीए हर बात के लिए पश्चिमी संस्कृति की ओर देखते थे, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय संस्कृति, सभ्यता और गौरवपूर्ण इतिहास के पुनर्जागरण का कार्य किया है, जबकि कांग्रेस अभी तक गुलामी की मानसिकता में पड़ी हुई जिसकी वजह से ये हमेशा से भारत और भारतीयता को बदनाम करने का मौका नहीं छोड़ते।

मोदी विश्व के लोकप्रिय नेता
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि दुनिया भारत के बढ़ते कदमों की चर्चा करती है और भारत को आशा की किरण के रूप में देखती है। दुनिया के नेता कहते हैं कि मोदी पूरे विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता हैं। एक नहीं कई सर्वे में यह सिद्ध हुआ है। ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री बोलते हैं कि ‘मोदी इज द बॉस’। इटली की प्रधानमंत्री मोदी को सबसे लोकप्रिय नेता बताती हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के बयानों को देखा जाए तो राहुल गांधी भारत को देश ही नहीं मानते बल्कि राज्यों का संघ मानते हुए भारत के बढ़ते विकासशील कदम पर सवालिया निशान खड़े करने के आदी हो चुके हैं। ठाकुर ने तंज कसा कि शायद राहुल गांधी यह बताना चाहते थे कि उनकी सरकार में दलितों और अल्पसंख्यकों पर अत्याचार होते थे और आज नरेंद्र मोदी की सरकार में सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के साथ कार्य हो रहे हैं।
