दुनियादेशराजनीति

राष्ट्रपति मुर्मू को सूरीनाम का सर्वोच्च नागरिक सम्मान

सूरीनाम में भारतीयों के आगमन की 150वीं वर्षगांठ पर शामिल हुई राष्ट्रपति मुर्मू

भारत का ओसीआई कार्ड के लिए पात्रता संबंधी मानदंड का विस्तार करने का निर्णय
LP Live, New Delhi: राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु कल शाम सूरीनाम के राष्ट्रपति चंद्रिकाप्रसाद संतोखी के साथ सूरीनाम में भारतीय लोगों के आगमन के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में पारामारिबो में आयोजित सांस्कृतिक समारोह में शामिल हुईं। इस समारोह के उपलक्ष्य में भारतीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रोपदी मुर्मू को सूरीनाम के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ग्रैंड ऑर्डर ऑफ द चेन ऑफ द येलो स्टार’ से नवाजा गया। यह सम्मान पाने के लिए पीएम मोदी ने राष्ट्रपति को शुभकामनाएं दी हैं।

पारामारिबो के इंडिपेंडेंस स्क्वायर में समारोह में बोलते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि आज हम सूरीनाम में भारतीय लोगों के आगमन की 150वीं वर्षगांठ मना रहे हैं, जो सूरीनाम के इतिहास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। आज ही के दिन वर्ष 1873 में भारतीय लोगों का पहला समूह लल्ला रूख नाम के जहाज पर सवार होकर सूरीनाम के तट पर पहुंचा था, जोकि इस देश के इतिहास में एक नए अध्याय की शुरुआत थी। राष्ट्रपति ने कहा कि एक बहुसांस्कृतिक समाज और अवसरों की एक भूमि के रूप में, सूरीनाम ने वहां आकर बसने वाले सभी विविध समुदायों का स्वागत किया है। इन वर्षों के दौरान, विविध समुदायों के लोग एक परिवार और एक देश के रूप में उभरे। उन्होंने एकता और समावेशिता के प्रति समर्पण एवं प्रतिबद्धता के लिए सूरीनाम के लोगों की सराहना की। राष्ट्रपति ने इस बात पर प्रसन्नता जताई कि व्यापक भौगोलिक दूरियों, विभिन्न समय क्षेत्रों और सांस्कृतिक विविधता के बावजूद भारतीय प्रवासी हमेशा अपनी जड़ों से जुड़े रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 150 वर्षों में भारतीय समुदाय न केवल सूरीनाम के समाज का एक अभिन्न अंग बन गया है, बल्कि यह भारत और सूरीनाम के बीच गहरी साझेदारी का एक महत्वपूर्ण स्तंभ भी है। राष्ट्रपति ने कहा कि सूरीनाम और भारत दोनों ने औपनिवेशिक शासन की लंबी अवधि के बाद अपनी अर्थव्यवस्थाओं और सामाजिक व्यवस्थाओं के पुनर्निर्माण की दिशा में अथक प्रयास किए हैं। इस अनुभव ने दोनों देशों के बीच एकजुटता की भावना पैदा की है। उन्होंने कहा कि भारत और सूरीनाम के बीच द्विपक्षीय संबंध विकास की साझा आकांक्षाओं पर आधारित हैं।

सर्वोच्च सम्मान पर जताया आभा
प्रेसिडेंशियल पैलेस में आयोजित एक समारोह में, राष्ट्रपति मुर्मु को सूरीनाम के राष्ट्रपति द्वारा सूरीनाम के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ग्रैंड ऑर्डर ऑफ द चेन ऑफ द येलो स्टार’ से सम्मानित किया गया। इस सम्मान के लिए राष्ट्रपति ने सूरीनाम के राष्ट्रपति संतोखी और सूरीनाम सरकार को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान न केवल उनके लिए बल्कि भारत के 1.4 अरब से अधिक लोगों के लिए भी बेहद महत्व रखता है। उन्होंने इस सम्मान को भारतीय-सूरीनाम समुदाय की उन क्रमिक पीढ़ियों को समर्पित किया, जिन्होंने दोनों देशों के बीच भाईचारे के संबंधों को समृद्ध करने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इससे पहले राष्ट्रपति ने बाबा और माई स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की, जो सूरीनाम की धरती पर पहली बार कदम रखने वाले पहले भारतीय पुरुष और महिला का प्रतीकात्मक चित्रण है। इसके बाद, उन्होंने मामा स्रानन स्मारक पर अपना सम्मान प्रकट किया। यह स्मारक मामा स्रानन, अपने पांच बच्चों (सूरीनाम में देखभाल और स्नेह के साथ निवास करने वाली पांच प्रजातियों) को धारण करने वाली सूरीनाम माता का प्रतीक है। उन्होंने ओसीआई कार्ड के लिए पात्रता संबंधी मानदंड का विस्तार भारतीय क्षेत्रों से सूरीनाम आए मूल भारतीय प्रवासियों की चौथी पीढ़ी से आगे जाकर छठी पीढ़ी तक करने के भारत सरकार के निर्णय की घोषणा की है।

राष्ट्रपति के सम्मान पर बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को सूरीनाम का सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ग्रैंड ऑर्डर ऑफ द चेन ऑफ द येलो स्टार’ मिलने पर बधाई दी है। मोदी ने मंगलवार को ट्वीट किया, राष्ट्रपति को सूरीनाम के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार ग्रैंड ऑर्डर ऑफ द चेन ऑफ द येलो स्टार से सम्मानित किए जाने पर बधाई। सूरीनाम की सरकार और लोगों का यह विशेष भाव हमारे देशों के बीच स्थायी मित्रता का प्रतीक है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को यह सम्मान ग्रहण किया। वह देश की राष्ट्रपति बनने के बाद अपनी पहली राजकीय यात्रा पर हैं।

admin

लोकपथ लाइव वेबसाइड एक न्यूज बेवसाइट है। यहां खबरों के साथ देश के प्रतिभाशाली व्यक्तियों का परिचय भी उनकी उपलब्धियों के साथ कराना हमारी प्राथमिकता में शामिल है। हमारा मकसद आप तक सच्ची खबरें तथ्यों के साथ पहुंचाना है। लोकपथ लाइव पर अंतराष्ट्रीय, राष्ट्रीय सहित विभिन्न राज्यों के जिलों और गांव तक की ताजा खबरें पढ़ सकते हैं। - प्रधान संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button