हरियाणा को मिले छह नए आईएएस अधिकारी
राज्य के सात आईएएस अधिकारियों को अन्य राज्यों में मिला मौका
LP Live, Chandigarh: केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग से हरियाणा सरकार को छह नए आईएएस अधिकारी मिले हैं। इसके अलावा आईएएस सेवाओं के लिए चयनित हुए हरियाणा के रहने वाले सात आईएएस अधिकारियों को दूसरे राज्यों में सेवा करने का मौका मिला है।
केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग की ओर से 2022 बैच के आईएएस अधिकारियों को काडर अलाट कर उनके राज्य तय किए गए हैं। अब संबंधित राज्य सरकारों द्वारा इन अधिकारियों की पोस्टिंग की जाएगी। हरियाणा में नए आइएएस अधिकारियों के आने से काफी हद तक अधिकारियों की कमी दूर होगी। नई दिल्ली के सास्वत सांगवान को हरियाणा काडर मिला है। मध्य प्रदेश की अंजलि श्रोत्रिया, नई दिल्ली के अर्पित सांगल तथा मध्य प्रदेश के अंकित कुमार चौकसे भी अब आइएएस के रूप में हरियाणा में सेवाएं देंगे। केंद्र ने हरियाणा मूल के ही दो अधिकारियों को हरियाणा काडर अलाट किया है। एससी कैटेगरी के राजेश कुमार मौर्य और ज्योति को अब अपने ही प्रदेश में सेवा करने का मौका मिलेगा। इसी तरह से सात आइएएस अधिकारी ऐसे हैं, जो मूल रूप से हरियाणा के हैं, लेकिन अब सेवाएं दूसरे राज्यों में देंगे।हरियाणा की महक जैन को गुजरात सरकार में सेवा करने का मौका मिलेगा। इसी तरह प्रतिभा दहिया को भी गुजरात काडर मिला है। कनिका को असम-मेघालय काडर अलाट हुआ है तो पुलकित को सिक्किम में सेवाएं करने का मौका मिलेगा। आनंद मल्होत्रा को केंद्र ने असम-मेघालय काडर दिया गया है। हरियाणा के सचिन शर्मा को हिमाचल प्रदेश और आशिमा गोयल को केरल सरकार में आइएएस के तौर पर सर्विस करने का मौका मिलेगा।