वैश्विक विकास में भारत को अग्रणी बनाने में सक्षम हैं युवा: बिरला
युवाओं का प्रौद्योगिकी, एआई और स्टार्टअप क्षेत्र में अग्रणी होने का आव्हान


राष्ट्रीय युवा संसद महोत्सव में बोले लोकसभा अध्यक्ष बिरला
LP Live, New Delhi: राष्ट्रीय युवा संसद महोत्सव के समापन समारोह में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि हमारे युवा वैश्विक विकास में भारत को अग्रणी बनाने में सक्षम हैं। इसके लिए उन्होंने युवाओं से आव्हान किया कि वे प्रौद्योगिकी, नवाचार, आर्टिफिशयल इंटेलिजेंस और स्टार्टअप के क्षेत्र में भारत को अग्रणी बनाने के लिए ऊर्जा, उत्साह और दृढ़ संकल्प के साथ आगे आएं।
लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने यह बात बुधवार को संसद परिसर स्थित संविधान सदन के केंद्रीय कक्ष में युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय द्वारा आयोजित राष्ट्रीय युवा संसद महोत्सव-2024 के समापन समारोह को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने क्षेत्रीय और राज्य स्तर पर कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद अंतिम राउन्ड में पहुंचने वाले प्रतिभागियों और विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि इस पवित्र कक्ष ने भारत की राष्ट्र-निर्माण की यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और यह कक्ष विदेशी अधीनता से आजाद होकर देश में लोकतंत्र और गणतंत्र की स्थापना का प्रतीक है। युवा प्रतिभागियों से इस पावन स्थल से जुड़ी विरासत पर गर्व करने का आग्रह करते हुए बिरला ने कहा कि भारत को एक संपन्न, पूर्ण विकसित और प्रगतिशील राष्ट्र बनाने में आज के युवाओं की क्षमता में अपना अटूट विश्वास विश्वास है। युवाओं की ऊर्जा, उत्साह और दृढ़ संकल्प से भारत भविष्य में विश्व मंच पर समृद्धि, नवाचार और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक बन सकता है।

देश को युवाओं पर भरोसा
बिरला ने वर्ष 2047 तक देश को समृद्ध, पूर्ण विकसित राष्ट्र बनाने के प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के सपने को साकार करने में छात्रों की क्षमता पर भरोसा जताते हुए युवाओं से वैश्विक विकास में भारत को अग्रणी बनाने के लिए अपने कौशल का उपयोग करने का आग्रह किया। युवाओं को भविष्य की बाधाओं का सामना साहस के साथ करने के लिए प्रोत्साहित करते हुए उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि उनका दृढ़ संकल्प एक मजबूत और सशक्त भारत की नींव रखेगा। इसलिए विश्व का नेतृत्व करने के लिए युवाओं की ऊर्जा का उपयोग करने की आवश्यकता है। बिरला ने पिछले साल हुए जी-20 और पी-20 सम्मेलनों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि विश्व मंच पर भारत की प्रधानता को दर्शाते हुए विश्व नेताओं ने सर्वसम्मति से संकल्प पारित किया।
विजेताओं का सम्मान
लोक सभा अध्यक्ष ने कहा कि 21वीं सदी भारत की है, और इसी क्रम में उन्होंने युवाओं से निष्ठा, दृढ़ संकल्प और उत्कृष्ट प्रयासों के साथ इस सपने को साकार करने का आह्वान किया। बिरला ने राष्ट्रीय युवा संसद महोत्सव के राष्ट्रीय विजेताओं को पुरस्कार और प्रमाण पत्र भी वितरित किए। इस अवसर पर केंद्रीय खेल एवं युवा कार्यक्रम मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर भी उपस्थित रहे।
