उत्तर प्रदेशक्राइमट्रेंडिंगराजनीतिव्यापारशिक्षा

राज्यपाल के अभिभाषण यूपी के बजट सत्र का आगाज

सदन में अभिभाषण के दौरान विपक्षी दलों ने काटा हंगामा

सभी वर्गों की उन्नति, कल्याण व सर्वांगीण विकास को संकल्पित यूपी सरकार: आनंदी बेन
LP Live, Lucknow: उत्तर प्रदेश विधानसभा का सोमवार को बजट सत्र शुरू हो गया, जिसकी शुरुआत राज्यपाल आनंदी बेन पटेल की विधानसभा और विधान परिषद की सयुंक्त बैठक में अभिभाषण के साथ की। अभिभाषण के दौरान विपक्षी दलों ने जमकर हंगामा ही नहीं किया, बल्कि वेल तक आकर राज्यपाल गो बैक के नारे भी लगाए।

यूपी के बजट सत्र के पहले दिन सोमवार को राज्यपाल आनंदी बेन ने अभिभाषण में कहा कि यूपी सरकार जन आकांक्षाओं की पूर्ति कर सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के लक्ष्य को रखते हुए सभी वर्गों की उन्नति, कल्याण व सर्वांगीण विकास के लिए कृत संकल्पित है। युवा, महिला, किसान और व्यापारी सभी शीर्ष पर हैं। राज्यपाल ने बताया कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में यूपी को 33.52 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए। यह दर्शाता है कि उत्तर प्रदेश निवेशकों की नजर में भी सर्वश्रेष्ठ है। ‘निवेश के महाकुंभ’ में यूपी को सिर्फ देश ही नहीं, बल्कि दुनिया से भी निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए। इससे लगभग 94 लाख युवाओं को रोजगार मिलेगा।

जनहित के कई मुद्दों में नंबर वन प्रदेश
राज्यपाल ने बताया कि यूपी को तृतीय राष्ट्रीय जल पुरस्कार में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। उत्तर प्रदेश खाद्यान्न, गन्ना, आलू, सब्जियों, फलों व एथेनॉल उत्पादन में भी देश में प्रथम स्थान पर है। राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत कुल 52.77 लाख आवास स्वीकृत हुए हैं। गरीबों के आवास बनाने में प्रदेश देश में प्रथम स्थान पर है। इनमें से 39.66 लाख आवास पूर्ण भी हो चुके हैं। वर्ष 2019-2020 में ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा प्रदेश स्तरीय जियो मनरेगा को प्रथम स्थान प्रदान किया गया है। उन्होंने कहा कि 2020-2021 में जल शक्ति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा मनरेगा योजनान्तर्गत नदियों के पुनरूद्धार हेतु जल संचयन व संरक्षण में प्रदेश के कई जनपदों को प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्रदान किया गया है।

कानून व्यवस्था में सुधार
राज्यपाल ने कहा महिला सुरक्षा कानून के तहत प्रभावी पैरवी करके 59.1 प्रतिशत लोगों को सजा दिलायी गयी जो कि देश में सर्वाधिक एवं राष्टीय औसत के दोगुने से भी अधिक है। सरकार द्वारा वर्ष 2017 से अबतक 118 लाख मुख्यालयों, 26 तहसील मुख्यालयों को 2-2 लेन के सम्पर्क मार्गों से जोड़ा जा चुका है। इसके अलावा आवागमन को सुगम बनाने के लिए सात अन्तर्राष्ट्रीय सीमा के तथा 68 अन्तर्राज्यीय मार्गों का टू लेन में चैंड़ा किया गया है।

नकलमुक्त परीक्षा का संकल्प
राज्यपाल ने कहा नकलविहीन परीक्षा एवं उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के कार्यों में सुधार के लिए मानवीय हस्तक्षेप समाप्त कर ऑनलाइन प्रक्रिया अपनायी गयी है। प्रदेश में तीन नये राज्य विश्वविद्यालयों-राजा महेन्द्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय, अलीगढ़ मां शाकम्बरी देवी विश्वविद्यालय, सहारनपुर एवं महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय में अध्यापन का कार्य वर्तमान सत्र से संचालित किया जा रहा है।

सड़कों का बिछ रहा है जाल
राज्यपाल ने बताया कि पूर्वांचल के पिछड़े जनपदों के समग्र विकास हेतु जनपद लखनऊ से गाजीपुर तक 340.82 कि.मी. लम्बे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे तथा बुन्देलखंड क्षेत्र के समग्र विकास हेतु जनपद चित्रकूट से आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे तक 296.07 कि0मी0 लंबे बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। प्रधानमंत्री जी ने इसे नागरिकों को समर्पित भी कर दिया है। राज्यपाल ने कहा कि गोरखपुर से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे तक 91.35 कि0मी0 लम्बे गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे तथा जनपद मेरठ से प्रयागराज तक 594 कि0मी0 लम्बे गंगा एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य गतिमान है। उत्तर प्रदेश डिफेन्स इण्डस्ट्रियल कॉरिडोर के अंतर्गत अलीगढ़, आगरा, झाँसी, चित्रकूट, कानपुर एवं लखनऊ नोड्स में रक्षा क्षेत्र से जुड़े उद्योगों की स्थापना का कार्य प्रगति पर है। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के सेक्टर-21 में लगभग 1,000 एकड़ भूमि पर फिल्म सिटी का निर्माण प्रक्रियाधीन है। इससे 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश की संभावना है।

सेतुओं का निर्माण
राज्यपाल ने बताया कि 188 दीर्घ सेतु, पहुँच मार्ग सहित 574 लघु सेतु एवं 74 रेल उपरिगामी सेतुओं का निर्माण कार्य पूर्ण किया गया है। 291 दीर्घ सेतु, 760 लघु सेतु एवं 140 रेल उपरिगामी सेतु, कुल 1191 सेतु निर्माणाधीन हैं। औसतन प्रत्येक 03 तीन दिन में एक सेतु का निर्माण पूर्ण किया जा रहा है। वर्ष 2012 से 2017 के मध्य प्रतिवर्ष 118 के सापेक्ष वर्ष 2017 से अब तक प्रतिवर्ष 145 सेतुओं का निर्माण किया जा रहा है। 01 लाख से अधिक टीवीयू वाले सभी लेवल क्रासिंग पर भविष्य में आरओबी का निर्माण प्रस्तावित है। इसके अलावा राज्यपाल ने अभिभाषण में कहा कि 2017 तक प्रदेश में 02 एयरपोर्ट पूर्ण रूप तथा 02 एयरपोर्ट आंशिक रूप से क्रियाशील थे। अब 09 एयरपोर्ट पूर्ण रूप से क्रियाशील हैं। 10 एयरपोर्ट का कार्य चल रहा है तथा कुछ वर्षों में 21 एयरपोर्ट के साथ यूपी देश में सर्वाधिक एयरपोर्ट वाला राज्य हो जाएगा। उन्होंने किसानों के लिए चलाई जा रही योजनाओं के साथ प्रदेश में रोजगार सृजन और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार जैसी सभी उपलब्धियों की जानकारी दी।

सपा ने किया प्रदर्शन
सपा के सदस्यों ने जातीय जनगणना, कानपुर की घटना रोजगार संबंधी तख्ती लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। इसके बावजूद भी राज्यपाल ने अपना पूरा भाषण पढ़ा। सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले ही समाजवादी पार्टी के विधायकों ने राज्य विधानसभा के बाहर राज्य सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। सपा विधायक शिवपाल सिंह यादव के नेतृत्व में धरने पर बैठ गए हैं। विधानसभा मार्शल ने मीडिया को हटने के लिए कहा है। इस दौरान मीडियाकर्मियों से धक्कामुक्की भी हुई। विधानभवन के बाहर सपा विधायक तख्तियां लेकर धरने पर बैठे रहे और नारेबाजी की।

यूपी में उत्कृष्ट विधायक को मिलेगा सम्मान
विधानसभा की अभिभाषण के बाद शुरू हुई कार्यवाही के दौरान विधानसभाध्यक्ष सतीश महाना ने कार्यमंत्रणा की समिति में लिए गए निर्णयों की जानकारी से सदस्यों को अवगत कराया। उन्होंने कहा संसद की तर्ज पर यूपी में उत्कृष्ट विधायक को प्रत्येक वर्ष सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सत्र के दौरान सदस्यों द्वारा क्षेत्र की उठाई जाने वाली समस्याओं को निस्तारण के लिए संबधित विभागों को भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि इस बार सत्र शनिवार को भी चलाया जायेगा। इस मौके पर उन्होने कहा कि सदस्यों की सुविधा के लिए रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट पर एक हेल्पडेस्क की स्थापना की जायेगी। जहां एक गाडी की व्यवस्था होगी जो सदस्यों को उनके घरो तक पहुंचायेगी।

admin

लोकपथ लाइव वेबसाइड एक न्यूज बेवसाइट है। यहां खबरों के साथ देश के प्रतिभाशाली व्यक्तियों का परिचय भी उनकी उपलब्धियों के साथ कराना हमारी प्राथमिकता में शामिल है। हमारा मकसद आप तक सच्ची खबरें तथ्यों के साथ पहुंचाना है। लोकपथ लाइव पर अंतराष्ट्रीय, राष्ट्रीय सहित विभिन्न राज्यों के जिलों और गांव तक की ताजा खबरें पढ़ सकते हैं। - प्रधान संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button