यूपी: भाजपा का सभी 80 लोकसभा सीटे जीतने का लक्ष्य
उत्तर प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी की बैठक में बोले मुख्यमंत्री योगी
लोकसभा के साथ स्थानीय निकाय चुनाव की रणनीति पर भी चर्चा
LP Live, Lucknow: भारतीय जनता पार्टी ने आगामी लोकसभा चुनाव की रणनीति में उत्तर प्रदेश की सभी 80 लोकसभा सीटे जीतने का लक्ष्य तय किया है। इसके लिए भाजपा कार्यसमिति की बैठक में रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत प्रधानमंत्री नरेरन्द्र मोदी के नेतृत्व में दुनिया का नेतृत्व कर रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में शुरू हुई प्रदेश भाजपा की कार्यसमिति की बैठक के उद्घाटन सत्र में कहा कि गुजरात में भाजपा की लगातार सातवीं जीत का रिकार्ड यह बताता है कि मोदी है तो मुमकिन है वाला मंत्र अब वैश्विक बन चुका है। तभी तो पूरी दुनिया की नजर अब भारत पर हैं, जो दुनिया के ताकतवर देशों के समूह जी20 का नेतृत्व भी कर रहा है। मुख्यमंत्री ने लोकसभा चुनाव 2024 की रणनीति में भाजपा को सभी सीटे जीतने का संकल्प लेकर चलना होगा। योगी ने कहा कि हम लोग मई 2022 में आयोजित कार्यसमिति में नए संकल्प के साथ आगे बढ़े थे और पहली बार कोई सरकार पांच साल का कार्यकाल पूरा करने के बाद सरकार दो तिहाई बहुमत से यूपी में फिर सत्ता में आई है। उन्होंने प्रदेश में बढ़त भाजपा के प्रति विश्वास में कहा कि भाजपा ने रामपुर और आजमगढ़ उपचुनाव में तमाम राजनीतिक विश्लेषकों की राय को दरकिनार कर चुनाव जीता है। विजेता के रूप में अपने उत्तरदायित्व का निर्वहन कैसे किया जाना चाहिए यह भाजपा सरकार जानती है। इस बैठक में खासतौर से शहरी स्थानीय निकाय चुनाव और 2024 के लोकसभा चुनाव में जीत की रणनीति पर चर्चा की जा रही है।
निकाय चुनाव की तैयारी पर जोर
मुख्यमंत्री योगी ने भाजपा नेताओं को यूपी के निकाय चुनाव और लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ओबीसी आयोग की रिपोर्ट आने के बाद निकाय चुनाव कराए जाएंगे। इन चुनाव में भाजपा का परचम फहराना है। पार्टी निकाय चुनाव और लोकसभा चुनाव में जीत के प्रति आश्वस्त है। भाजपा कार्यकारिणी की बैठक के एजेंडे में राष्ट्रीय कार्यसमिति में हुए निर्णयों को वार्ड और गांवों तक पहुंचाने के लिए 5 फरवरी तक सभी 98 संगठनात्मक जिलों में जिला कार्यसमिति और 12 फरवरी तक 1918 मंडलों में कार्यसमिति की बैठकों को लेकर भी चर्चा होगी।
कार्यकारिणी में ये भी हुए शामिल
बैठक में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, पूर्व उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विनय कटियार, केंद्रीय मंत्री महेंद्र नाथ पांडेय, संजीव बालियान, साध्वी निरंजन ज्योति, सह प्रभारी संजीव चौरसिया, सुनील भाई ओझा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा, राष्ट्रीय मंत्री हरीश द्विवेदी और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह कार्यसमिति में मंच पर मौजूद हैं। इस बैठक में राज्य और पार्टी के केंद्रीय निकाय से 700 से अधिक प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है। प्रदेश पदाधिकारियों के अलावा भाजपा के केंद्रीय पदाधिकारियों और उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखने वाले केंद्रीय मंत्रियों, पार्टी के विभिन्न विंग के जिलाध्यक्षों व प्रमुखों को भी बुलाया गया है।