मेरठ व लखनऊ के बीच नई वंदे भारत ट्रेन शुरु
प्रधानमंत्री मोदी ने दिखाई तीन नई वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी


उत्तर से दक्षिण भारत की विकास यात्रा को मिलेगा बल: मोदी
LP Live, New Delhi: देश में यात्रियों की सुगम यात्रा के लिए चलाई जा रही वंदे भारत ट्रेनों की श्रृंखला में उत्तर से दक्षिण तक देश की विकास यात्रा में उस समय एक नया अध्याय जुड़ गया, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को 3 नई वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दी। इन तीन नई वंदे भारत ट्रेनों में मेरठ-लखनऊ, चेन्नई-नागरकोइल और मदुरै-बेंगलुरु रेल मार्ग पर चलने वाली ट्रेनें हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार दोपहर को वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से तीन नई वंदे भारत रेलगाड़ियों को रवाना किया। यह ट्रेन उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु और कर्नाटक में कनेक्टिविटी को बढ़ावा देंगी। इससे प्रधानमंत्री के ‘मेक इन इंडिया’ और आत्मनिर्भर भारत के दृष्टिकोण को साकार करते हुए अत्याधुनिक वंदे भारत एक्सप्रेस तीन मार्गों मेरठ-लखनऊ, मदुरै-बेंगलुरु और चेन्नई-नागरकोइल पर कनेक्टिविटी में सुधार करेंगी। इनमें मेरठ सिटी-लखनऊ के बीच चलने वाली वंदे भारत ट्रेन के सफर से करीब एक घंटे समय की बचत होगी। मेरठ-लखनऊ वंदे भारत का सिर्फ मुरादाबाद और बरेली में ठहराव होगा। यह ट्रेन 560 किमी दूरी सात घंटे 10 मिनट में तय करेगी। इस ट्रेन की औसत रफ्तार 75 किमी प्रति घंटा रहेगी। मेरठ से यह ट्रेन सुबह 6:35 बजे चलेगी और दोपहर 1:45 बजे लखनऊ पहुंचेगी। वापसी में यह लखनऊ से दोपहर 2:45 बजे चलेगी और रात 10 बजे मेरठ पहुंचेगी। इसी प्रकार चेन्नई एग्मोर-नागरकोइल वंदे भारत से 2 घंटे और मदुरै-बेंगलुरु वंदे भारत से यात्रा समय में डेढ़ घंटे की बचत होगी। यह नई वंदे भारत ट्रेन क्षेत्र के लोगों को तीव्रगति और सुविधा के साथ यात्रा करने के लिए विश्व स्तरीय सेवा प्रदान करेंगी और तीन राज्यों उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु और कर्नाटक के लोगों की लंबी समय से चल रही मांग को पूरा करेंगी।

इसी साल चलेगी और वंदे भारत
नए साल में मुजफ्फरपुर से नई दिल्ली के बीच पहली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन चलेगी। इससे यात्रियों को दिल्ली पहुंचने में 10 से 12 घंटे ही लगेंगे, जो मौजूदा एक्सप्रेस ट्रेनों से 6 से 8 घंटे कम है। इस नई ट्रेन के रखरखाव के लिए पाटलिपुत्र में 200 करोड़ रुपये की लागत से एक खास कोचिंग कॉम्प्लेक्स बनाया जा रहा है। इसके अलावा, ट्रेन के सुचारू परिचालन के लिए रेलवे ट्रैक की मरम्मत का काम भी जारी है।
विकसित भारत का दृष्टिकोण ट्रेनों का विस्तार: पीएम मोदी
तीन वंदे भारत ट्रेनों का उद्घाटन करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि इन ट्रेनों के जरिए उत्तर से दक्षिण तक देश की विकास यात्रा में एक नया अध्याय जुड़ रहा है। ट्रेनों का यह विस्तार हमें विकसित भारत के हमारे दृष्टिकोण की ओर ले जा रहा है, जो महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक को जोड़ेंगी। मोदी ने कहा कि वंदे भारत आधुनिक होती भारतीय रेलवे का नया चेहरा है। आज शहर में हर रूट पर वंदे भारत की मांग है। हाई-स्पीड ट्रेनों के आने से लोगों में अपने व्यापार और रोजगार और अपने सपनों को विस्तार देने का भरोसा जगता है। आज देशभर में 102 वंदे भारत रेलवे सेवाएं संचालन हो रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि बीते 10 वर्षों में रेलवे की विकास यात्रा के इस साल के बजट में हमने तमिलनाडु को 6 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा रेलवे बजट दिया है। ये बजट 2014 की तुलना में 7 गुना से अधिक है। इसी तरह कर्नाटक के लिए भी इस बार 7 हजार करोड़ से ज्यादा का बजट आवंटित हुआ है। ये बजट भी 2014 की तुलना में 9 गुना अधिक है।
25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि बीते 10 वर्षों में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आ सके हैं। बीते वर्षों में रेलवे ने अपनी मेहनत से दशकों पुरानी समस्याओं के समाधान की उम्मीद जगाई है। लेकिन हमें अभी इस दिशा में बहुत लंबा सफर तय करना है। हम तब तक नहीं रुकेंगे, जब तक भारतीय रेल गरीब, मध्यम वर्ग सभी के लिए सुखद यात्रा की गारंटी नहीं बन जाती।
