
LP Live, Chandigarh: हरियाणा रोडवेज बसों के बेडे में नए साल से 150 एसी, आधा दर्जन वोल्वो तथा 125 करीब छोटी मिनी बसों समेत 1275 से ज्यादा नई बस शामिल हो जाएगी। राज्य सरकार ने इन बसों की खरीद को लेकर प्रक्रिया पूरी कर ली है।
यह जानकारी हरियाणा के परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने बुधवार को देते हुए बताया कि अगले साल मार्च से पहले पहले यह बसें आ जाएंगी। इसकी प्रक्रिया काफी पहले से चली आ रही है। उन्होंने बताया कि रोडवेज के बेड़े में 1275 नई बसें शामिल होने जा रही हैं। 150 एसी बसें और 125 मिनी बसें। 1 हजार बसें सामान्य होंगी। उन्होंने बताया कि रोडवेज परिवहन ने कुछ समय पहले नई बसों को बेडे में शामिल करने के लिए कंपनियों से टेंडर मांगे थे। टेंडर प्रकिया खुलने के बाद में प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ी है।
गुरुग्राम व चंडीगढ़ डिपो में ही एसी बसें
उन्होंने बताया कि देश में अभी तक चंडीगढ़ डिपो और गुरुग्राम डिपो में ही एयर कंडीशनर बसें है। बाकी सभी डिपुओं में सामन्य बसों से काम चलाई जा रही है। नई बसों की खरीद के साथ ही प्रदेश में 9 डिपुओं को छोड़कर बाकी सभी डिपो में एसी बसें शामिल होंगी। उसके पहले सूबे में में 809 बसें खरीदी गई थी। जिसकी बॉडी लगाने की प्रकिया चल रही है। अभी तक रोडवेज के बेड़े में करीब 3000 बसें है। नई बसों की खरीद के बाद रोडवेज का बेड़ा 5000 से पार हो जाएगा। नई बसें आधुनिक तकनीक से लैस और पर्यावरण को लेर भी बेहतर होंगी क्योंकि बीएस-6 होंगी और प्रदूषण कम फैलाएंगी।
