देशराजनीतिहिमाचल प्रदेश

दिल्ली के द्वारका में बनेगा हिमाचल निकेतन

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने किया शिलान्यास

राष्ट्रीय राजधानी में राज्य के लोगों को ठहरने का मिलेगा तीसरा विकल्प
LP Live, New Delhi: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दिल्ली के द्वारका क्षेत्र में 57.72 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले पांच मंजिला हिमाचल निकेतन का शिलान्यास किया। इस भवन के निर्माण से दिल्ली जाने वाले हिमाचल के विद्यार्थियों और अन्य लोगों को ठहरने की सुविधाएं उपलब्ध होगी।

दिल्ली में आयोजित समारोह में हिमाचल सदन का शिलान्यास करते हुए राज्य के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल भवन और हिमाचल सदन के अतिरिक्त अब इस भवन के निर्माण से दिल्ली में आयोजित होने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं में भाग लेने वाले हिमाचली विद्यार्थियों को ठहरने की सुविधा प्राप्त होगी। हिमाचल निकेतन विद्यार्थियों को पढ़ने तथा रहने की आरामदायक सुविधा प्रदान करेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में एम्स में चिकित्सा सुविधा के साथ विभिन्न उद्देश्यों के लिए नई दिल्ली जाने वाले प्रदेशवासियों को हिमाचल भवन तथा हिमाचल सदन में रहने की सुविधा उपलब्ध होती है। हिमाचल निकेतन से अब राष्ट्रीय राजधानी में हिमाचलियों को रहने का तीसरा विकल्प उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि हिमाचलवासी प्रतिवर्ष विशेष तौर से सर्दियों में पर्यटन की दृष्टि से देश के अन्य राज्यों की ओर रुख करते हैं। नई दिल्ली में ठहराव के दौरान उनको भी हिमाचल निकेतन में रहने का एक अन्य विकल्प उपलब्ध होगा।

आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा भवन
द्वारका में बनाए जा रहे इस भवन में दो वीआईपी कमरे, विद्यार्थियों के लिए सभी सुविधाओं से सुसज्जित 36 तथा 40 सामान्य कमरों की सुविधा होगी। इसके अतिरिक्त स्टॉफ के लिए तीन कमरों की सराय (डोरमैट्रिज) की सुविधा होगी। इस भवन के बेसमेंट में 53 वाहनों और 87 दोपहिया वाहनों के लिए पार्किंग की सुविधा भी होगी। इस भवन में कुल 81 कमरे होंगे। मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य सुनिश्चित करने के साथ वर्ष 2025 तक इस परियोजना को पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नियमित अंतराल में लोक निर्माण विभाग के मंत्री निर्माणाधीन भवन की समीक्षा भी करेंगे ताकि भवन का समयबद्ध निर्माण सुनिश्चित किया जा सके।

मुख्यमंत्री का स्वागत
इससे पहले लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस मौके पर दिल्ली में रह रहे हिमाचलियों के हिमाचल सोशल बॉडी फेडरेशन, केजीबीसी संस्थान, अखिल भारतीय हिमाचल संयुक्त मोर्चा और शौर्य हिमाचल जैसे विभिन्न संघों ने मुख्यमंत्री को सम्मानित भी किया। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर परियोजना का विवरण देते हुए भवन का समयबद्ध निर्माण सुनिश्चित करने के लिए आश्वस्त किया। इन समारोह में हिमाचल प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष आर.एस. बाली, मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी व सुंदर सिंह ठाकुर, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान, विधायक केवल सिंह पठानिया, मुख्यमंत्री के ओएसडी कुलदीप सिंह बांशटू, महाधिवक्ता अनूप रतन, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव भरत खेड़ा तथा आवासीय आयुक्त मीरा मोहंती भी इस अवसर पर उपस्थित थीं।

admin

लोकपथ लाइव वेबसाइड एक न्यूज बेवसाइट है। यहां खबरों के साथ देश के प्रतिभाशाली व्यक्तियों का परिचय भी उनकी उपलब्धियों के साथ कराना हमारी प्राथमिकता में शामिल है। हमारा मकसद आप तक सच्ची खबरें तथ्यों के साथ पहुंचाना है। लोकपथ लाइव पर अंतराष्ट्रीय, राष्ट्रीय सहित विभिन्न राज्यों के जिलों और गांव तक की ताजा खबरें पढ़ सकते हैं। - प्रधान संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button