उत्तर प्रदेशट्रेंडिंगराजनीतिव्यापार

अब पराली और गोबर बनेगा किसानों की आमदनी का जरिया

सीएम योगी ने बदायूं में किया कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट का उद्घाटन

100 मीट्रिक टन धान की पराली से बनेगा 14.25 मीट्रिक टन बायोगैस
प्रतिदिन होगा 65 मीट्रिक टन ठोस जैविक खाद का उत्पादन
LP Live, Badaun: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कंप्रेस्ड बायोगैस (सीबीजी) प्लांट से ना केवल पर्यावरण संरक्षण में मदद मिलेगी, बल्कि किसानों की आय भी बढ़ेगी। इससे किसानों द्वारा खेतों में पराली जलाने की बहुत बड़ी समस्या का समाधान होगा। जिस पराली को पहले जला दिया जाता था अब ये हमारे किसानों की अतिरिक्त आमदनी का माध्यम बनेगा। इसके साथ ही गोबर से भी किसानों को अतिरिक्त आय होगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस व आवासन एवं शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी के साथ बदांयू के दातागंज विधानसभा के सैंजनी गांव में सीबीजी प्लांट का उद्घाटन के दौरान कहा कि आर्थिक रूप से विभिन्न क्षेत्र में सीबीजी प्लांट पर्यावरण की रक्षा, अन्नदाता किसानों की आमदनी, युवाओं को रोजगार और नये उद्यम स्थापित करने का नया माध्यम बनने जा रहा है। मुख्यमंत्री ने प्लांट की स्थापना के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी का हृदय से आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के आठ जिलों जौनपुर, अमेठी, सीतापुर, फतेहपुर, बहराइच, बरेली, कन्नौज और बदायूं में सीबीजी प्लांट लगाया जा रहा है।

हर दिन होगा 65 मीट्रिक टन ठोस जैविक खाद का उत्पादन
सीएम योगी ने कहा कि बदायूं में 133 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित सीबीजी प्लांट 50 एकड़ के क्षेत्र में फैला हुआ है। इसमें प्रतिदिन 100 मीट्रिक टन धान की पराली का उपयोग करते हुए 14.25 मीट्रिक टन बायोगैस का उत्पादन हो सकेगा। साथ ही 65 मीट्रिक टन ठोस जैविक खाद का प्रतिदिन उत्पादन भी होगा। इससे प्राकृतिक और कच्चे तेल के आयात में कमी आएगी, साथ ही साथ प्रदूषण में भी कमी आएगी। जलवायु परिवर्तन के लक्ष्यों को प्राप्त करने में ये संयंत्र सहायक होगा और तो और जैव उर्वरक के प्रयोग से मिट्टी में कार्बन तत्व की वृद्धि होगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि यूपी में आने वाले दिनों में 100 सीबीजी प्लांट लगाए जाएंगे। प्रत्येक प्लांट से सीधे सीधे 100 से अधिक लोगों को नौकरियां मिलेंगी।

ईंधन में आत्मनिर्भरता का कदम
केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस व आवासन एवं शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने यूपी में बीते 7 साल में हुए विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने बताया कि प्रदेश में आने वाले दिनों में 100 से अधिक सीबीजी प्लांट लगने वाले हैं। केंद्रीय मंत्री ने पेट्रोलियम के क्षेत्र में डबल इंजन सरकार के दौरान हुए महत्वपूर्ण परिवर्तन की चर्चा करते हुए कहा कि 2014 में प्रदेश में कुल 5506 पेट्रोल पंप थे, जोकि आज 11,124 हो चुके हैं। इसमें 102 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। इसी प्रकार एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर 2014 में 1,944 थे, जिसमें 113 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है और आज इनकी संख्या 4142 है। ऐसे ही 2014 में 11,650 पीएनजी कनेक्शन थे जोकि आज 14 लाख 90 हजार से अधिक हो चुके हैं। सीएनजी स्टेशन 870 हो चुके हैं। एविएशन फ्यूल स्टेशन 7 से बढ़कर 11 हो चुके हैं। एलपीजी गैस कनेक्शन भी 1 करोड़ 80 लाख से बढ़कर 4 करोड़ 80 लाख हो चुके हैं। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस व श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री रामेश्वर तेली, प्रदेश सरकार में मंत्री गुलाब देवी, आंवला से सांसद धर्मेन्द्र कश्यप, सांसद संघमित्रा मौर्य, दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह, बदायूं सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, हरीश शाक्य, वागीश पाठक, जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधिगण मौजूद रहे।

admin

लोकपथ लाइव वेबसाइड एक न्यूज बेवसाइट है। यहां खबरों के साथ देश के प्रतिभाशाली व्यक्तियों का परिचय भी उनकी उपलब्धियों के साथ कराना हमारी प्राथमिकता में शामिल है। हमारा मकसद आप तक सच्ची खबरें तथ्यों के साथ पहुंचाना है। लोकपथ लाइव पर अंतराष्ट्रीय, राष्ट्रीय सहित विभिन्न राज्यों के जिलों और गांव तक की ताजा खबरें पढ़ सकते हैं। - प्रधान संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button