
LP Live, New Delhi:
केंद्रीय खेल मंत्रालय ने इस साल के खेल पुरस्कारों की घोषणा कर दी है। इस साल बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में तीन स्वर्ण पदक जितने वाले टेबल टेनिस स्टार शरत कमल अचंता को सर्वश्रेष्ठ मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार से नवाजा जाएगा। जबकि 25 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार, चार को द्रोणाचार्य पुरस्कार, तीन को लाइफटाइम, चार को लाइफटाइम अचवमेंट, तीन को राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार देने का ऐलान किया गया है। यह पुरस्कार 30 नवंबर को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू प्रदान करेंगी।
देश का सर्वश्रेष्ठ पुरस्कार मेजर ध्यान चंद अवॉर्ड इस साल पुरुष टेबल टेनिस खिलाड़ी अचंता शरत कमल को देने का निर्णय लिया गया है। खेल मंत्रालय के अनुसार जिन 25 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार दिया जाएगा, उनमें सीमा पूनिया (एथलेटिक्स), एल्डौस पॉल (एथलेटिक्स), अविनाश साबले (एथलेटिक्स), लक्ष्य सेन (बैडमिंटन), एच एस प्रणय (बैडमिंटन), अमित पंघाल(मुक्केबाज ), निकहत जरीन (मुक्केबाजी), भक्ति कुलकर्णी (शतरंज), आर प्रज्ञानानंदा (शतरंज), दीप ग्रेस इक्का (हॉकी), सुशीला देवी (जूडो), साक्षी कुमारी (कबड्डी), नयन मोनी सैकिया (लॉनबॉल), सागर ओव्हालकर (मलखम्ब), इलावेनिल वालारिवान (निशानेबाजी), ओमप्रकाश मिठारवाल (निशानेबाजी), श्रीजा अकुला (टेबल टेनिस), विकास ठाकुर (भारोत्तोलन), अंशु (कुश्ती), सरिता (कुश्ती), परवीन (वुशू), मानसी जोशी (पैरा बैडमिंटन), तरूण ढिल्लो (पैरा बैडमिंटन), स्वप्निल पाटिल (पैरा तैराकी), जर्लिन अनिका जे (बधिर बैडमिंटन) शामिल हैं।
द्रोणाचार्य पुरस्कार
खेलकूद में उत्कृष्ट कोचों के लिए जीवनजोत सिंह तेजा (तीरंदाजी), मोहम्मद अली कमर (मुक्केबाजी), सुमा शिरूर (पैरा निशानेबाजी) और सुजीत मान (कुश्ती) को द्रोणाचार्य पुरस्कार दिया जायेगा। जबकि बिमल घोष (फुटबॉल) और राज सिंह (कुश्ती) को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड श्रेणी में पुरस्कार दिया जाएगा। अश्विनी अकुंजी (एथलेटिक्स), धरमवीर सिंह (हॉकी), बी सी सुरेश (कबड्डी) और नीर महादुर गुरंग (पैरा एथलेटिक्स) को ध्यानचंद लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार मिलेगा।
रोहित शर्मा के कोच को पुरस्कार
इन पुरस्कारों में हालांकि क्रिकेट के नाम पर सिर्फ एक अवॉर्ड है और ये अवॉर्ड मिला है भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा के बचपन के कोच दिनेश जवाहर लाड को लाइफ टाइम श्रेणी में पुरस्कार दिया जाएगा। इस श्रेणी में बिमल घोष ( फुटबॉल), राज सिंह (कुश्ती) का नाम शामिल है।
राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार
मंत्रालय के अनुसार ट्रांस स्टेडिया इंटरप्राइजेस प्राइवेट लिमिटेड को नवोदित और युवा प्रतिभा की पहचान और प्रशिक्षण, कलिंगा सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान को कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व के जरिए खेल प्रोत्साहन तथा लद्दाख स्की और स्नोबोर्ड संघ को खेल विकास के लिए साल 2022 के राष्ट्रीय खेल पुरस्कार देने की घोषणा की है।
