अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला: हरियाणा पवेलियन बना सिरमोर
लोक संस्कृति और नवाचार संगम ने छोड़ी अमिट छाप

LP Live, New Delhi: नई दिल्ली के प्रगति मैदान में ‘वोकल फॉर लोकल,लोकल टू ग्लोबल’थीम पर आधारित अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले के आखिरी दिन लाखों लोगों ने यहां पहुंच कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उन्नत सोच में अपनी सहभागीदारी दी,और उनके मेक इन इंडिया के सपने को साकार करने में एक अनोखी पहल दर्ज की।
हरियाणा के विभिन्न विभागों के आपसी समन्वय से स्वयं सहायता समूहों ने मेले में हरियाणा पवेलियन में अपने-अपने स्टॉल लगाकर अपने उत्पाद प्रदर्शित किए। चाहे वे हरियाणा प्रदेश का पहनावा हो या फिर यहां का व्यंजन सभी में हरियाणा की संस्कृति के साथ ही नवाचार का संगम बरबस ही लोगों को अपनी ओर आकर्षित करता महसूस हुआ। वोकल फॉर लोकल थीम पर आधारित अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में स्वयं सहायता समूहों के उत्पाद न केवल मेले की गरिमा बढ़ा रहे थे बल्कि लोग उन्हें बड़े ही चाव से खरीद भी रहे थे।
अनेकता में दिखी एकता की झलक
हरियाणा पवेलियन में सूचना जनसंपर्क एवं भाषा विभाग की शानदार प्रदर्शनी में हरियाणा के विकास की गाथा को देखकर लोग अपने आप को गौरवान्वित महसूस कर रहे थे। पवेलियन में बनचारी की ढोल नगाड़ा पार्टी भी मेले में लोगो को थिरकने के लिए मजबूर कर रही थी। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में विकास के आयामों को दर्शाता हुए प्रदेश का पवेलियन इस मेले के माध्यम से सबको अपने रंग ढंग में रंग रहा था। इस मेले ने आजादी के अमृत महोत्सव की श्रंखला की कड़ियों में भी चार चांद लगा दिए। मेले में हर दिन अलग अलग राज्यों की सांस्कृतिक गतिविधियां भी विभिन्नता में एकता की झलक का भव्य प्रदर्शन कर आपस में राष्ट्रीय भावनाओं को एक सार करती दिखी। हरियाणा पवेलियन में भगवान श्री कृष्ण का गतिमान रथ अंतर्राष्ट्रीय गीता जयंती उत्सव की झलक भी कुरुक्षेत्र की पावन धरा पर पहुंचने के लिए प्रेरित कर रहा था।
हरियाणा पवेलियन दर्शकों की पसंद रहा
वोकल फॉर लोकल थीम पर आधारित ट्रेड फेयर में हरियाणा के स्वयं सहायता समूहों के उत्पाद न केवल मेले की गरिमा बढ़ा रहे थे, बल्कि लोग उन्हें बड़े ही चाव से खरीद भी रहे थे। यह मेला उत्पादों को लोकल से ग्लोबल बनाने का एक शानदार और बड़ा प्लेटफार्म साबित हुआ। जिसने भारतीय उद्यमियों व व्यापारियों के उत्पादों को प्रदर्शित करने और उपभोक्ताओं तक उत्पाद पहुंचाने के अलावा देश की आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया। आज हरियाणा अपनी भौगोलिक स्थितियों के चलते और सरकार द्वारा व्यापार सुगमता के लिए उठाए गए कदमों के फलस्वरूप देश विदेश के उद्योगपतियों की पहली पसंद बन चुका है।
