राष्ट्रपति ने असाधारण उपलब्धि के लिए 19 बच्चों को किया सम्मानित
प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार देकर उनका बढ़ाया हौंसला


LP Live, New Delhi: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोमवार को देश के 19 असाधारण बच्चों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया। इन बच्चों में 18 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के नौ बालक व दस बालिकाएं शामिल रही।
नई दिल्ली के विज्ञान भवन में सोमवार को आयोजित एक कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु देश में इन 19 असाधारण बच्चों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया, जो आसाधारण उपलब्धि हासिल करने वाले पांच से आठ वर्ष आयुवर्ग के हैं। इस मौके पर केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती स्मृति जुबिन ईरानी, राज्य मंत्री डॉ. मुंजपारा महेंद्रभाई तथा कई अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। इन 19 बच्चों में सात को कला और संस्कृति, एक-एक को वीरता नवाचार तथा विज्ञान और प्रौद्यगिकी, चार को समाज सेवा और पांच बच्चों को खेल के क्षेत्र में उनकी असाधारण उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार प्रदान किया गया है। इस मौके पर राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु ने अपने संबोधन में कहा कि हमारे बालक-बालिकाएं बहुमुखी प्रतिभा के धनी हैं। उनमें अपनी लगन और मेहनत के बल पर अपनी पहचान बनाने की असीम क्षमता है। उन्हें सही दिशा दिखाना हमारा कर्तव्य है ताकि वे अपनी प्रतिभा और ऊर्जा का उचित उपयोग कर सकें। जब उनका ध्यान अच्छे कार्यों में लगेगा तब वे अपने जीवन को सही दिशा दे पाएंगे। वे भविष्य के राष्ट्र-निर्माता भी बनेंगे।आज भारत के पास युवाओं की बड़ी संख्या के रूप में एक अमूल्य संसाधन है। यह संसाधन केवल भारत ही नहीं बल्कि पूरे विश्व की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

इन्हें किया गया सम्मानित
राष्ट्रपति ने जिन 19 बच्चों को राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया है, उनमें महाराष्ट्र के आदित्य विजय ब्रम्हणे (मरणोपरांत) को वीरता, उत्तर प्रदेश की अनुष्का पाठक, पश्चिम बंगाल के अरिजीत बनर्जी, छत्तीसगढ़ के अरमान उबरानी, गुजरात के हेतवी कांतिभाई खिमसूरिया, जम्मू कश्मीर के इशफाक हामिद, बिहार के एमडी हुसैन एवं तेलंगाना की पेंड़याला लक्ष्मी प्रिया को कला एवं संस्कृति, दिल्ली की सुहानी चौहान को नवाचार, राजस्थान के आर्यन सिंह को विज्ञान प्रौद्योगिकी, मध्य प्रदेश के अवनीश तिवारी, हरियाणा की गरिमा, त्रिपुरा की ज्योत्सना अख्तर एवं असम के संयम मजूमदार को सामाजिक सेवा, उत्तर प्रदेश के आदित्य यादव, कर्नाटक के चार्वी ए, अरुणाचल प्रदेश की जेसिका नेयी सरिंग, मणिपुर के लिन्थोई चनांबम और आंध्र प्रदेश के आर सूर्य प्रसाद को खेल के क्षेत्र में प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार-2024 के लिए सम्मानित किया गया।
