
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। एमडीएस विद्या मंदिर इंटर कालेज मंसूरपुर में आर्य समाज के संस्थापक वेदों की ओर लौटो का युगान्तकारी संदेश देने वाले राष्ट्रचिन्तक महर्षि दयानन्द सरस्वती की जयन्ती वैदिक परंपराओं के साथ मनाई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं शैक्षिक वातावरण देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः वैदिक मंत्रोच्चार के साथ वैदिक यज्ञ (हवन) द्वारा किया गया। यज्ञ का संचालन अनिल कुमार शास्त्री द्वारा विधिपूर्वक वैदिक रीति से किया गया, जिसमें प्रधानाचार्य अनिल कुमार, प्रबंधक संदीप कुमार एवं अर्पित चैधरी सहित विद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारीगण एवं विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से आहुति प्रदान की। यज्ञ के माध्यम से ईश्वर से राष्ट्र की उन्नति, समाज में शांति, सद्भाव, नैतिक मूल्यों की स्थापना तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
यज्ञ की पवित्र अग्नि एवं मंत्रोच्चार से सम्पूर्ण विद्यालय परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत हो गया। यज्ञोपरांत सन्दीप कुमार ने महर्षि दयानन्द सरस्वती के जीवन संघर्ष, उनके क्रांतिकारी विचारों तथा समाज सुधार में दिए गए अतुलनीय योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। प्रधानाचार्य अनिल कुमार ने नारी शिक्षा, सामाजिक समानता, स्वदेशी भावना, राष्ट्रीय चेतना एवं चरित्र निर्माण के क्षेत्र में उनके योगदान को रेखांकित किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने भी सक्रिय सहभागिता करते हुए भाषण, विचार एवं प्रेरक कथनों के माध्यम से महर्षि दयानन्द सरस्वती के संदेशों को प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार द्वारा सामूहिक रूप से यह संकल्प लिया गया कि महर्षि दयानन्द सरस्वती के बताए मार्ग पर चलकर सत्यनिष्ठा, नैतिकता, परिश्रम एवं समाजसेवा को अपने जीवन का आधार बनाया जाएगा। कार्यक्रम संचालन अंकिता बत्रा ने किया।
Post Views: 19













Total views : 209243