
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के थाना नई मंडी क्षेत्र स्थित वसुंधरा रेजीडेंसी में सोमवार शाम दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। एक मकान की दूसरी मंजिल पर गैस सिलेंडर फटने से लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। आग की चपेट में आकर एक ही परिवार के तीन सदस्यों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति उन्हें बचाने पहुंचा तो वह भी गंभीर रूप से झुलस गया। इस घटना ने कालोनी सहित पूरे शहर को हिला दिया।
बुजुर्ग महिला और उनके दो बेटों की मौत
वंसुधरा रेजीडेंसी में ब्लास्ट की आवाज से लोग बाहर निकले तो आग देख सभी चौंक गए। सूचना मिलते ही थाना नई मंडी पुलिस और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। इस दर्दनाक हादसे में अमित गौर (50), उनके छोटे भाई नितिन गौर (45) और मां सुशीला देवी (68) की मौत हो गई। घायल व्यक्ति को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
मृतक परिवार मूल रूप से शामली के निवासी है
मृतक अमित गौर मूल रूप से जनपद शामली के निवासी थे और वर्तमान में सहारनपुर जनपद के देवबदं में कानूनगो के पद पर कार्यरत थे। वे अपने परिवार के साथ वसुंधरा रेजीडेंसी में किराये पर रह रहे थे। अचानक हुए इस हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। कॉलोनी में मातम पसरा है और लोगों की आंखें नम हैं।
घटना स्थल पर एसएसपी और डीएम भी पहुंचे
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में एलपीजी सिलेंडरों में आग लगने और उनके फटने से हादसा होने की आशंका जताई गई है। फोरेंसिक और फायर सर्विस की टीमें घटनास्थल पर मौजूद रहकर आग लगने के कारणों की गहन जांच कर रही हैं। पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। यह हादसा न केवल एक परिवार के लिए, बल्कि पूरे शहर के लिए गहरा सदमा बन गया है।
Post Views: 568













Total views : 209727