राज्यपाल दत्तात्रेय ने किया जीओ ‘गीता ऐप’ का शुभारंभ
ऐप के जरिए विश्वभर में पहुंचेगा गीता का उपदेश: राज्यपाल


LP Live, Kurukshetra: हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने कहा कि जीओ गीता ऐप के गीता जीवन गीत के माध्यम से पवित्र ग्रंथ गीता के उपदेश विश्व के कोने कोने तक पहुंचेंगे। इस डिजिटल प्लेट फार्म के जरिए जीओ गीता 23 दिसंबर 2023 गीता जंयती के दिन तक सवा करोड़ अष्टादशी श्लोकी गीता पाठ का लक्ष्य पूरा करेंगी।
हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय रविवार को गीता ज्ञान संस्थानम के सभागार में जीओ गीता की तरफ से आयोजित कार्यक्रम में बोलते हुए कहा कि इस कार्यक्रम में 23 दिसंबर 2023 गीता जयंती के दिन तक सवा करोड़ अष्टादशी श्लोकी गीता पाठ करने के लक्ष्य को पूरा किया जाएगा। इस दौरान गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने घोषणा की है कि गीता संस्थानम में जल्द ही सर्टिफिकेट कोर्स शुरू कर दिए जाएंगें। राज्यपाल ने कहा कि जीओ गीता ऐप का लोकार्पण कर गीता का संदेश विश्व के कोने कोने तक पहुंचाने का सफल प्रयास करने जा रहे है। इस गीता जीवन गीत वैश्विक महा अभियान का मूल उद्देश्य घर घर में ही गीता के ज्ञान की ज्योति प्रज्वलित करके विश्व में शांति सद्भाव का वातावरण तैयार करना है। इससे प्रत्येक मानव के हृदय में ऐसी ऊर्जा का संचार होगा जिससे समाज में उदासी और अपराध की भावना समाप्त हो और मानसिक शांति की अनुभूति का एहसास हो। उन्होंने गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि स्वामी ज्ञानानंद महाराज के प्रयासों से आज पूरे विश्व में पवित्र ग्रंथ गीता के उपदेश का प्रचार प्रसार हो रहा है।

जल्द होगा सर्टिफिकेट कोर्स
गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने कहा कि पवित्र ग्रंथ गीता को शिक्षा के साथ जोडऩा बहुत जरूरी है। इसी लिए गीता ज्ञान संस्थानम में जल्द ही सर्टिफिकेट कोर्स शुरू किए जा रहे है। इन कोर्सो को शुरू करने की घोषणा एक दो दिनों तक कर दी जाएगी। इस पावन धरा पर भगवान श्री कृष्ण ने गीता के उपदेश दिए। यह उपदेश पूरी मानव जाति के लिए आज भी प्रासंगिक है। यह उपदेश समाज के हर वर्ग के लिए है। इन उपदेशों को जन जन तक पहुंचाने के लिए जीओ गीता की तरफ से प्रयास किए जा रहे है।
उन्होंने बताया कि इस ऐप पर गीता के 18 अध्यायों में से 18 श्लोकों का चयन किया गया है। इन अष्टादशी श्लोकों को जीओ गीता ऐप में 15 भाषाओं में शामिल किया गया है। इसके साथ लक्ष्य निर्धारित किया गया है कि गीता जंयती तक 23 दिसंबर 2023 तक सवा करोड़ अष्टादशी गीता पाठ किए जाए। इन श्लोको को देश विदेश तक पंहुचाने में जीओ गीता ऐप अहम भूमिका अदा करेगा। इस ऐप के जरिए जेलों, नशा मुक्ति केंद्र, अनाथ आश्रमों, कुष्ट आश्रमों तक गीता के श्लोक पहुंचाएं जाएंगें। इस मौके पर उपायुक्त शांतनु शर्मा, एसपी सुरेंद्र भोरिया, वीसी डा. राजबीर सिंह, वीसी सोमनाथ सचदेवा, विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष रमेश गुप्ता, प्रांत अध्यक्ष पवन कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।
