बड़ी खबर: पाक से आतंकी हाफिज सईद को भारत लाएगी मोदी सरकार!
विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान से प्रत्यर्पण के लिए किया अनुरोध


LP Live, New Delhi: अब मोदी सरकार ने मुंबई के 26/11 आतंकी हमले के मास्टरमाइंड आतंकवादी हाफिज सईद को भारत लाने की तैयारी शुरू कर दी है। यह बड़ी खबर है कि भारत ने पाकिस्तान से आतंकवादी हाफिज सईद को भारत को सौंपने को कहा है। विभिन्न आतंकवादी वारदातों में शामिल हाफिज सईद मुंबई हमले का भी मास्टरमाइंड है।
भारतीय विदेश मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार भारत सरकार ने हाफिज सईद के प्रत्यर्पण के लिए कानूनी प्रक्रिया शुरू करने का आग्रह किया गया है। विशेषज्ञों का कहना है कि भारत और पाकिस्तान के बीच इस प्रकार के प्रत्यर्पण के लिए कोई औपचारिक संधि नहीं है। बावजूद इसके दोनों देश चाहे तो मानवता के खिलाफ होने वाली आतंकवादी घटनाओं को रोकने के लिए इस प्रकार के आतंकवादियों पर प्रत्यर्पण के जरिए अंकुश लगा सकते हैं।गौरतलब है कि हाफिज सईद भारत की मोस्ट वांटिड आतंकवादियों की लिस्ट में शामिल है। यही कारण है कि अब भारत हाफिज सईद को भारत लाने की तैयारी में है। सरकार ने इसके लिए पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय से हाफिज को भारत सौंपने की मांग की है। जम्मू कश्मीर में हुई कई आतंकी वारदातों के अलावा हाफिज सईद मुंबई में हुए 26-11 हमले का भी मास्टरमाइंड है। इस आतंकवादी हमले में अमेरिकी नागरिकों समेत 160 से ज्यादा व्यक्तियों की मौत हुई थी। भारत के अलावा भी कई अन्य देशों ने हाफिज सईद को आतंकवादी घोषित किया है।

पाक आतंकी हाफिज सईद और उसके संगठन पर अमेरिका ने इनाम भी घोषित किया है। हाफिज का आंतकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा है। इस आतंकी संगठन पर लगभग 1 करोड़ डॉलर का इनाम है। आतंकी फंडिंग मामले में हाफिज सईद जेल में बंद किया जा चुका है। रक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि यदि पाकिस्तान पड़ोसी देशों के साथ अच्छे रिश्ते रखने का इच्छुक है और आतंकवाद पर अंकुश लगाने का इरादा रखता है तो उसे इस प्रत्यर्पण अनुरोध को लेकर सकारात्मक कदम उठाना चाहिए।
