कम्युनिस्ट नेता सीताराम येचुरी के निधन पर राजनेताओं ने जताया शोक
राष्ट्रपति, पीएम, केंद्रीय मंत्रियों, राज्यों के मुख्यमंत्रियों और विभिन्न दलों ने नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

LP Live, New Delhi: वरिष्ठ नेता और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माक्सर्वादी) के महासचिव सीताराम येचुरी का गुरुवार को निधन हो गया। उन्होंने 72 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली। वे लंबे समय से बीमार थे। उन्हें पिछले दिनों एम्स में भर्ती किया गया था। परिवार ने उनके पार्थिव शरीर को शिक्षण और शोध उद्देश्यों के लिए एम्स, नई दिल्ली को दान कर दिया है। वहीं येचुरी के निधन के बाद पार्टी कार्यालय में पार्टी का झंडा आधा झुका दिया गया। देश के तमाम दलों के राजनेताओं ने येचुरी के निधन पर शोक जताया है।
देश के प्रसिद्ध नेताओं में शुमार रहे सीताराम येचुरी के निधन पर भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि पहले एक छात्र नेता और फिर राष्ट्रीय राजनीति में सांसद के रूप में उनकी एक विशिष्ट और प्रभावशाली पहचान थी। एक प्रतिबद्ध विचारक होते हुए भी उन्होंने पार्टी लाइनों से ऊपर उठकर मित्र बनाए। उनके परिवार के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं हैं। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक व्यक्त किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि सीताराम येचुरी के निधन से दुःख हुआ। वह वामपंथ के अग्रणी प्रकाश थे और राजनीतिक स्पेक्ट्रम से जुड़ने की अपनी क्षमता के लिए जाने जाते थे। उन्होंने एक प्रभावी सांसद के रूप में भी अपनी पहचान बनाई। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ हैं। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सीताराम येचुरी के निधन पर शोक जताया। उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया कि वह देश की गहरी समझ रखने वाले और भारत के विचार के रक्षक थे। सीताराम येचुरी जी एक मित्र थे। दुख की इस घड़ी में उनके परिवार, दोस्तों और समर्थकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना है।

इन्होंने भी दी श्रद्धांजलि
येचुरी के निधन पर केंद्रीय वित मंत्री निर्मला सीतारमण, आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन एवं मंत्री उदयनिधि स्टालिन, ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक, केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारुख अब्दुल्ला, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, सीपीआई एम के महासचिव डी. राजा, राजद नेता मनोज झा, कांग्रेस नेता पवन खेड़ा, पूर्व कांग्रेस नेता और डेमोक्रेटिक प्रगतिशील आज़ाद पार्टी के प्रमुख गुलाम नबी आजाद ने भी सीपीआई के महासचिव सीताराम येचुरी को श्रद्धांजलि दी है।
कौन थे सीताराम येचुरी
राष्ट्रीय राजनेता सीताराम येचुरी भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के महासचिव और पार्टी के संसदीय समूह के नेता हैं। उनका जन्म 12 अगस्त 1952 को चेन्नई में एक तेलुगु भाषी ब्राह्मण परिवार में हुआ था। वह 2016 में राज्यसभा में सर्वश्रेष्ठ सांसद पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। आपातकाल में जेएनयू में रहते हुए उन्हें गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद वह लगातार तीन बार जेएनयू छात्र संघ के अध्यक्ष चुने गए। 1984 में उनको सीपीआई एम की केंद्रीय समिति में शामिल किया गया था। 2015 में उनको पार्टी का महासचिव चुना गया। येचुरी 2005 में पश्चिम बंगाल से राज्यसभा के लिए चुने गए थे। पिछले कई दिनों से उनका स्वास्थ्य खराब चल रहा है। हाल ही में येचुरी की मोतयाबिंद की सर्जरी हुई थी। अब फेफड़ों में संक्रमण के चलते उनको एम्स में भर्ती किया गया है।
