
समसो गांव में स्कूल जाते समय हुआ दर्दनाक हादसा, ग्रामीणों की सूझबूझ से बची बच्चों की जान
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर: जनपद के पुरकाजी थाना क्षेत्र स्थित गांव समसो में शुक्रवार की सुबह उस समय चीख-पुकार और दहशत का माहौल बन गया, जब मासूम बच्चों को स्कूल लेकर जा रही एक वैन अचानक आग का गोला बन गई। इस भीषण अग्निकांड में वैन में सवार पांच बच्चे और चालक बुरी तरह झुलस गए। गनीमत रही कि पास के ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए धू-धू कर जलती वैन से बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, अन्यथा बड़ी अनहोनी हो सकती थी।


सफर के दौरान भड़की आग, मची चीख-पुकार

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह गांव समसो से ‘आशिष इंग्लिश एकेडमी’ के बच्चों को लेकर वैन स्कूल की ओर रवाना हुई थी। गांव के बाहर निकलते ही वैन के इंजन से अचानक धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। वैन के भीतर से उठती मासूमों की चीखें सुनकर आसपास के ग्रामीण खेतों से मौके की ओर दौड़े।
ग्रामीणों ने मसीहा बनकर बचाई जान
ग्रामीणों ने बिना वक्त गंवाए आग की लपटों के बीच से बच्चों को खींचकर बाहर निकाला। इस दौरान पांच बच्चे और वैन चालक आग की तपिश में झुलस गए। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई और सभी घायलों को परिजनों व पुलिस की मदद से पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
सुरक्षा मानकों और खटारा वाहनों पर उठे सवाल
शुरुआती जांच में वैन में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी माना जा रहा है। हालांकि, इस घटना ने एक बार फिर स्कूल वाहनों की फिटनेस और सुरक्षा मानकों की पोल खोल दी है। स्थानीय लोगों में स्कूल प्रबंधन के खिलाफ आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन को निजी स्कूल वाहनों की नियमित जांच करनी चाहिए ताकि मासूमों की जिंदगी दांव पर न लगे। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।











Total views : 271203