
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। जनपद के बसंत विहार में उस समय खुशी की लहर दौड़ गई, जब उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) द्वारा सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2024 का परिणाम घोषित किया गया। बसंत विहार निवासी रामपाल सिंह के पुत्र आकाश कुमार पाल ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए पूरे प्रदेश में 17वीं रैंक हासिल की है। इस शानदार सफलता के साथ ही आकाश का चयन सब-रजिस्ट्रार के प्रतिष्ठित पद पर हुआ है।


आकाश की इस उपलब्धि की सूचना मिलते ही उनके आवास पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। परिजनों ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर और पटाखे फोड़कर अपनी खुशी का इजहार किया। आकाश ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के आशीर्वाद और निरंतर कठिन परिश्रम को दिया है।

आकाश बचपन से ही मेधावी रहा है और उसका लक्ष्य हमेशा से जनसेवा करना था। जिले के प्रबुद्ध नागरिकों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी आकाश को फोन कर और घर पहुंचकर शुभकामनाएं दीं। मुजफ्फरनगर के एक साधारण परिवार से निकलकर प्रदेश की सर्वोच्च सेवाओं में स्थान पाकर आकाश ने युवाओं के लिए एक नई मिसाल पेश की है।










Total views : 258294