Select Language :

Home » उत्तर प्रदेश » बिजली संकट पर मंत्री कपिल देव सख्त, फोन नही उठाने वाले अफसरों की लगेगी क्लास

बिजली संकट पर मंत्री कपिल देव सख्त, फोन नही उठाने वाले अफसरों की लगेगी क्लास

लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर: भीषण गर्मी के बीच शहर में लगातार बिगड़ती विद्युत व्यवस्था और अघोषित बिजली कटौती को लेकर नगर विधायक एवं व्यावसायिक शिक्षा व कौशल विकास राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने कड़ा संज्ञान लिया है। नगरवासियों से लगातार मिल रही शिकायतों, बार-बार ट्रिपिंग, लो-वोल्टेज और आपूर्ति में घोर अनियमितता को गंभीरता से लेते हुए मंत्री ने बिजली विभाग के अधिकारियों को सीधे तलब कर लिया है। मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कल यानी शनिवार दोपहर ठीक तीन बजे विकास भवन, मुजफ्फरनगर में विद्युत विभाग की एक हाईप्रोफाइल समीक्षा बैठक बुलाई है, जिसमें पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम के डायरेक्ट कमर्शियल एन.के. मिश्रा, मुख्य अभियंता विनोद गुप्ता, अधीक्षण अभियंता सहित जनपद के सभी अधिशासी अभियंता (XEN) अनिवार्य रूप से मौजूद रहेंगे।

रात में अघोषित बिजली कटौती, सरकारी नंबर नहीं उठाते अस्पताल बिजली घर के जेई, एसडीओ

शहर में बिजली को लेकर हालात इस कदर बदतर हो चुके हैं कि रात के समय फाल्ट होने पर विद्युत विभाग के जिम्मेदार अधिकारी अपने सरकारी सीयूजी (CUG) नंबर रिसीव नहीं करते या उन्हें ‘नॉट रीचेबल’ कर देते हैं। अधिकारियों के इस गैर-जिम्मेदाराना रवैये के कारण आम जनता का सब्र टूट रहा है। इसी आक्रोश के चलते एक दिन पहले ही रात के वक्त जानसठ रोड पर आक्रोशित लोगों की भारी भीड़ ने सड़क पर उतरकर चक्काजाम कर दिया था। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए मंत्री कपिल देव ने पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक (MD) से भी फोन पर वार्ता कर स्थिति में तत्काल सुधार के निर्देश दिए हैं।
कल विकास भवन में होने वाली इस आपात बैठक का मुख्य उद्देश्य भीषण गर्मी के दौरान शहरवासियों को निर्बाध एवं सुचारु विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करना तथा मौजूदा समस्याओं का स्थायी और त्वरित समाधान निकालना है। बैठक के एजेंडे में फाल्ट रिस्पॉन्स टाइम में सुधार करना, जर्जर तारों को तुरंत बदलना, ओवरलोडेड ट्रांसफॉर्मरों की क्षमता बढ़ाना और अघोषित कटौती पर पूरी तरह नियंत्रण लगाना शामिल है। इसके साथ ही, रात में जनता के फोन न उठाने वाले लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ भी इस बैठक में कड़ा रुख अपनाया जाएगा।

Share this post:

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments

खबरें और भी हैं...

वोट करें

[democracy id="1"]

Our Visitor

1 2 4 1 2 6
Total views : 363643

Follow us on