Select Language :

Home » धर्म » मुजफ्फरनगर: अकीदत और भाईचारे के साथ मनाई गई ईद, ऐतिहासिक ईदगाह पर गूंजी अमन की दुआ

मुजफ्फरनगर: अकीदत और भाईचारे के साथ मनाई गई ईद, ऐतिहासिक ईदगाह पर गूंजी अमन की दुआ

ड्रोन कैमरों की निगरानी में संपन्न हुई नमाज, सांसद हरेंद्र मलिक सहित दिग्गजों ने दी मुबारकबाद
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर: जनपद में ईदुल-फितर का महापर्व पूरे हर्षोल्लास और पारंपरिक अकीदत के साथ मनाया गया। मुख्य आयोजन शहर की ऐतिहासिक ईदगाह पर हुआ, जहाँ सुबह से ही सफेद लिबास पहने अकीदतमंदों का सैलाब उमड़ पड़ा। हजारों की संख्या में मुस्लिम समाज के लोगों ने एक साथ सफों में खड़े होकर खुदा की बारगाह में सजदा किया और मुल्क की तरक्की के लिए हाथ उठाए।

How to Make a News Portal

ईद की मुख्य नमाज मुफ्ती अली हसन ने पूरी शानो-शौकत के साथ अदा कराई। नमाज के उपरांत शहर काजी तनवीर आलम ने देश में अमन, चैन, आपसी भाईचारे और खुशहाली के लिए विशेष दुआ मांगी। दुआ के दौरान हर आंख नम और हर दिल मुल्क की सलामती की कामना करता नजर आया। नमाज मुकम्मल होते ही लोग एक-दूसरे के गले मिले और ‘ईद मुबारक’ कहकर खुशियों का इजहार किया। इस मुबारक मौके पर मुजफ्फरनगर लोकसभा सांसद हरेंद्र मलिक और सपा नेता राकेश शर्मा भी ईदगाह पहुंचे। उन्होंने मुस्लिम भाइयों से गले मिलकर उन्हें पर्व की बधाई दी। राजनेताओं की मौजूदगी ने जिले की गंगा-जमुनी तहजीब को और मजबूती प्रदान की।

सुरक्षा के अभेद्य दुर्ग में तब्दील हुई ईदगाह
प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से पुख्ता इंतजाम किए थे। संवेदनशील इलाकों और ईदगाह के आसपास भारी पुलिस बल के साथ-साथ पीएसी की तैनाती रही। आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए ड्रोन कैमरों के जरिए आसमान से चप्पे-चप्पे की निगरानी की गई। एलआईयू, डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ता सुबह से ही अलर्ट मोड पर रहा, जिससे पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

अधिकारियों का सम्मान और आभार
सफल आयोजन और बेहतरीन सुरक्षा व्यवस्था से गदगद होकर ईदगाह कमेटी ने जिला प्रशासन का आभार जताया। शहर काजी तनवीर आलम की मौजूदगी में जिलाधिकारी, एसएसपी, एसपी सिटी, सिटी मजिस्ट्रेट और सीओ सिटी को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने भी जनता को शांतिपूर्ण ढंग से त्योहार मनाने के लिए धन्यवाद दिया।

पुष्प वर्षा कर दिया भाईचारे का संदेश
ईद उल फितर पर वाल्मीकि समाज ने आबकारी रोड स्थित जगत गुरु वाल्मीकि धाम के पास नमाज अदा कर लौट रहे मुस्लिम समाज के लोगों पर पुष्प वर्षा की। वाल्मीकि क्रांति दल के अध्यक्ष दीपक गंभीर ने इसे दलित-मुस्लिम एकता की नई मिसाल बताया। उन्होंने कहा कि ऐसी पहल से जनपद में आपसी भाईचारा कायम होगा और भेदभाव समाप्त होगा। इस अवसर पर भावाधस के प्रदेश अध्यक्ष सन्नी सिलेलान, मंडल अध्यक्ष अर्जुन शील और वाल्मीकि क्रांति दल के महासचिव सोनू सरवट मौजूद रहे।

 

Share this post:

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments

खबरें और भी हैं...

वोट करें

Are You Satisfied Lokpath Live

Our Visitor

0 7 9 6 1 4
Total views : 249582

Follow us on