
लोकपथ लाइव, लोनी/गाजियाबाद: टीला मोड़ थाना क्षेत्र के भनेड़ा गांव की पुलिया के पास एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ एक निजी स्कूल के प्रोफेसर की उसके ही ससुराल वालों ने गला दबाकर बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के पीछे अंतर्जातीय और दूसरे समुदाय में किए गए प्रेम विवाह को मुख्य वजह बताया जा रहा है। मृतक का शव सड़क किनारे फेंककर आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एसीपी शालीमार अतुल कुमार सिंह का कहना है कि ससुर महरुद्दीन और चचिया ससुर आसिफ अली को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीम गठित की गई हैं। जल्द ही फरार आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।


शादी से खुश नहीं थे मायके वाले: मीडिया रिपोर्टस के अनुसार गीतांजली विहार निवासी नितिन कुमार (32), जो रिस्तल स्थित एक स्कूल में प्रोफेसर थे, उन्होंने मई 2025 में दूसरे समुदाय की युवती मुस्कान से प्रेम विवाह किया था। मुस्कान वर्तमान में नौ माह की गर्भवती है। बताया जा रहा है कि इस विवाह से मुस्कान के परिजन शुरुआत से ही नाखुश थे। रविवार को नितिन और मुस्कान के बीच खाना बनाने को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद मुस्कान अपने मायके चली गई थी।

फैसले के बहाने बुलाकर उतारा मौत के घाट: 30 मार्च की शाम करीब छह बजे, ससुराल पक्ष ने नितिन को फोन कर विवाद सुलझाने और फैसला करने के बहाने बंथला फाटक पर बुलाया। नितिन अपने भाई अमित और पड़ोसी सुमित्रा के साथ वहां पहुंचे। वहां पहले से ही ससुर मेहरुद्दीन, चचिया ससुर आसिफ अली और एक अन्य युवक सेंट्रो कार में मौजूद थे। बातचीत के दौरान आरोपियों ने मौका पाकर नितिन की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को भनेड़ा गांव की पुलिया के पास फेंक दिया।
सड़क पर शव रखकर लगाया जाम: मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद जब शव परिजनों को मिला, तो गुस्साए लोगों ने लोनी-भोपुरा रोड पर बंथला फ्लाईओवर के पास शव रखकर जाम लगा दिया। परिजनों की मांग थी कि मामले में शामिल मुस्कान की मां और सास के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाए। हंगामे की सूचना पर हिंदू रक्षा दल के प्रदेश संयोजक अमित प्रजापति भी मौके पर पहुंचे। भारी पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर आश्वासन दिया कि दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और अन्य की तलाश जारी है, जिसके बाद करीब आधे घंटे बाद जाम खुल सका।










Total views : 260391