जी-20: वाराणसी में शुरु हुआ यूथ-20 समिट
केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया उद्घाटन


जी-20 की थीम ‘वन अर्थ, वन फैमिली, वन फ्यूचर’ में भारत की प्राचीन व्यवस्था की प्रस्तुति
LP Live, Varansi: जी-20 शिखर सम्मेलन के तहत वाराणसी में शुरु हुए यूथ-20 समिट में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लिया, जिसमें केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर भी शामिल हुए।
उत्तर प्रदेश के वाराणसी के रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में जी-20 समिट की श्रृंखला में आयोजित यूथ-20 समिट का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा केंद्रीय खेल एवं युवा मामलों के मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने दीप प्रज्ज्वलित कर उद्घाटन किया। समिट में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देश-विदेश से आए युवाओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि अपनी सांस्कृतिक विविधता में एकता के कारण भारत दुनिया के नागरिकों के लिए आकर्षण का केन्द्र है, जो भारत को विश्व की सबसे बड़ी युवा आबादी के देश के रूप में भी प्रस्तुत करती है। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि वाराणसी, उत्तर प्रदेश की प्रमुख नगरी है। उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक व आध्यात्मिक परंपरा, कला, संगीत, शिक्षा की एक प्रमुख नगरी के रूप में वाराणसी ने भारत के हृदय स्थल के रूप में अपनी पहचान बनायी है। वाराणसी हमारे लिए प्रमुख धर्म स्थल इसलिए भी है कि भगवान बुद्ध ने अपना पहला उपदेश यहीं सारनाथ में दिया था, जो आज भी दुनिया के बौद्ध अनुयायियों के लिए पवित्र व आकर्षण का केंद्र है। उन्होंने कहा कि डेमोग्राफी, डेमोक्रेसी और डायवर्सिटी की त्रिवेणी हमें विशिष्ट बनाती है। जी-20 की थीम ‘वन अर्थ, वन फैमिली, वन फ्यूचर’ है, जो भारत की उस प्राचीन व्यवस्था को प्रस्तुत करता है, जिसने हजारों वर्ष पहले दुनिया को ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ का संदेश दिया था।

अनुराग ने बताए पांच एजेंडे
केंद्रीय खेल एवं युवा मामलों के मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि वाराणसी को प्राचीन समय से ही संस्कृति, व्यापार तथा सभ्यता का शहर बताते हुए यहां के मंदिरों, घरानों तथा घाटों का उल्लेख किया। उन्होंने युवाओं से वर्तमान की चुनौतियों पर मजबूती से काम करने की अपेक्षा की, जिससे भविष्य को संवारा जा सके। उन्होंने कार्यक्रम के पांच एजेंडों पर सभी का ध्यान आकर्षित करते हुए नेशनल सोलर मिशन, नेशनल हैबिटेट मिशन, हरित ऊर्जा के सम्बन्ध में विस्तार से बात रखी। केन्द्रीय मंत्री ने लेह-लद्दाख में वाई-20 सम्मेलन के आयोजन को लेकर पड़ोसी देशों द्वारा किये गये विरोध के बावजूद सफल सम्मेलन की चर्चा करते हुए कहा कि दुनिया की सबसे बड़ी युवा शक्ति हमारे भारत में मौजूद है। कार्यक्रम में जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर, नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री अरविन्द कुमार शर्मा, स्टाम्प तथा न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवीन्द्र जायसवाल तथा खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चन्द्र यादव सहित शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
