
शहरी इलाके बने हॉटस्पॉट, देहात के बघरा क्षेत्र में भी फैला संक्रमण; स्वास्थ्य विभाग ने शुरू की सोर्स रिडक्शन कार्रवाई
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। जिले में बुखार और मच्छर जनित बीमारियों का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। जनपद में डेंगू पैर पसारता जा रहा है, जिससे स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय प्रशासन की चिंताएं बढ़ गई हैं। हालिया जांच रिपोर्ट में डेंगू के 5 नए मरीजों की पुष्टि हुई है। इन नए मामलों के सामने आने के बाद जिले में डेंगू पॉजिटिव मरीजों की कुल संख्या बढ़कर 25 पर पहुंच गई है। लगातार बढ़ रहे मामलों को देखते हुए प्रभावित क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी गई है।


संक्रमितों में तीन महिलाएं शामिल, 4 शहरी क्षेत्र से
स्वास्थ्य विभाग से मिले आंकड़ों के अनुसार, नए मिले 5 मरीजों में तीन महिलाएं भी शामिल हैं जो पिछले कुछ दिनों से तेज बुखार से पीड़ित थीं। यदि भौगोलिक दृष्टि से देखें तो डेंगू का दायरा अब शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में भी फैल रहा है। नए मरीजों में से 4 मरीज मुजफ्फरनगर के शहरी क्षेत्रों के निवासी हैं, जबकि 1 मरीज बघरा क्षेत्र का रहने वाला है। शहरी इलाकों में एक साथ 4 मामले सामने आने से घनी आबादी वाले मोहल्लों में दहशत का माहौल है।

3 मरीज जिला अस्पताल में भर्ती, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
डेंगू से पीड़ित 5 नए मरीजों में से 3 मरीजों को स्थिति को देखते हुए स्वामी कल्याण देव जिला चिकित्सालय (एसकेडी अस्पताल) में भर्ती कराया गया है। यहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है और आइसोलेशन वार्ड में आवश्यक दवाएं व सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। शेष मरीजों का उपचार डॉक्टरों के दिशा-निर्देशों के अनुसार किया जा रहा है।
सोर्स रिडक्शन और एंटी-लार्वा छिड़काव शुरू
मामले की गंभीरता को देखते हुए एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. शमशेर आलम ने बताया कि डेंगू पॉजिटिव पाए गए सभी मरीजों के घरों और उनके आसपास के इलाकों में तत्काल प्रभाव से निरोधात्मक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर सोर्स रिडक्शन की कार्रवाई की है, जिसके तहत जमा पानी और मच्छरों के पनपने वाले संभावित स्थानों को नष्ट किया जा रहा है। इसके साथ ही आसपास के इलाकों में दवाइयों और एंटी-लार्वा का छिड़काव भी कराया जा रहा है ताकि संक्रमण को और फैलने से रोका जा सके।
प्रशासन की अपील: बरतें सावधानी
स्वास्थ्य विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे अपने घरों और आसपास पानी इकट्ठा न होने दें। कूलर, गमलों, पुरानी टंकियों और छतों पर पड़े कबाड़ की नियमित सफाई करें। बुखार आने पर खुद से दवा लेने के बजाय तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र में जाकर जांच कराएं।











Total views : 440094