बारात लेकर नही पहुंचा चित्तौड़ा का परिवार, दूल्हा गायब


LP Live, Muzaffarnagar: सिखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव चित्तौड़ा का एक दहेज़लोभी परिवार तय समय पर लड़की के घर बारात लेकर नही पहुंचा। लड़की पक्ष चित्तौड़ा पहुंचा तो उनके साथ मारपीट की गई। उधर लड़का भी गायब हो गया। लड़की पक्ष ने अतिरिक्त दहेज की मांग का आपोप लगाया है।
मुजफ्फरनगर के गांव चित्तौड़ा निवासी एक युवक की शादी मंसूरपुर थाना क्षेत्र के गांव सराय रसूलपुर में तय हुई थी। शनिवार को शादी करने के लिए युवक को बारात लेकर सराय रसूलपुर जाना था, सभी तैयारियां शादी की चल रही थी। बारात का इंतजार किया जा रहा था, जब बरात नहीं पहुंची तो लड़की पक्ष के लोगों को चिंता हुई और उन्होंने फोन पर बारात देर से पहुंचने का कारण पूछा तो पता लगा कि दूल्हा ही घर से गायब हो गया है। इतना सुनते ही लड़की के परिजनों के होश उड़ गए और आनन-फानन में लड़की के परिजन लड़के के घर चित्तौड़ा पहुंचे। इस दौरान लड़की पक्ष और लड़के पक्ष के बीच कहा सुनी हुई और देखते ही देखते विवाद हो गया। इस दौरान हाथापाई की भी नौबत आ गई। गांव के मौजिज लोगों ने किसी तरह से बीच- बचाव कराया। इसके बाद सूचना पर पुलिस भी पहुंची। बाद में लड़की पक्ष के लोग वापस लौट गए। चर्चा है कि लेनदेन को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया, जिसके चलते बरात नहीं गई और दूल्हा रहस्यमय ढंग से गायब हो गया।
जानसठ इंस्पेक्टर जनक सिंह चौहान का कहना है कि मारपीट नहीं हुई है। दोनों पक्षों में तनातनी हुई थी। बाद में गांव के कुछ लोगों ने आपस में मामला निपटा दिया है। इस मामले में तहरीर नहीं मिली है।
