Select Language :

Home » उत्तर प्रदेश » गृह मंत्री अमित शाह ने मुजफ्फरनगर के सुनील त्यागी सहित 46 जांबाजों को नवाजा

गृह मंत्री अमित शाह ने मुजफ्फरनगर के सुनील त्यागी सहित 46 जांबाजों को नवाजा

लोकपथ लाइव, विशेष संवाददाता, नई दिल्ली। देश की राजधानी के प्रतिष्ठित विज्ञान भवन में शुक्रवार को ‘सीमा सुरक्षा बल (BSF) अलंकरण समारोह एवं रुस्तम जी स्मृति व्याख्यान 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। इस गौरवमयी समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने देश की सीमाओं की रक्षा में अदम्य साहस और उत्कृष्ट सेवा का परिचय देने वाले 46 अधिकारियों व कार्मिकों को पदकों से अलंकृत किया। इस अवसर पर गृह मंत्री ने देश की सुरक्षा में बीएसएफ के योगदान की सराहना करते हुए शहीद जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि भी अर्पित की और कहा कि देश की सीमाएं अगर आज सुरक्षित हैं, तो इसका श्रेय हमारे जवानों के कठिन परिश्रम और बेदाग सेवा को जाता है। बल का हर एक कर्मी देश का गौरव है।
इस वर्ष अलंकरण समारोह में कुल 46 पदकों का वितरण किया गया, जिसमें देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले और अदम्य साहस दिखाने वाले जांबाजों को 22 वीरता पदक प्रदान किए गए। इनमें से 3 कार्मिकों को यह सम्मान मरणोपरांत दिया गया। इसके अलावा, बल में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए 23 सराहनीय सेवा पदक बांटे गए, जिनमें 15 सेवानिवृत्त अधिकारी व कार्मिक शामिल रहे। वहीं, कर्तव्यनिष्ठा के सर्वोच्च स्तर को छूने वाले 01 अधिकारी को ‘गृह मंत्री उत्कृष्टता पदक’ से सम्मानित किया गया।
मुजफ्फरनगर के गांधी नगर निवासी सेवानिवृत्त अधिकारी को मिला सेवा पदक 
समारोह के दौरान उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर (गांधी नगर) के निवासी और बल के सेवानिवृत्त द्वितीय कमान अधिकारी (2IC) सुनील कुमार त्यागी का नाम विशेष रूप से गूंजा। श्री त्यागी को सीमा सुरक्षा बल में उनकी 38 वर्ष लंबी, अटूट और बेदाग़ सेवाओं के लिए ‘राष्ट्रपति का सराहनीय सेवा पदक’ प्रदान किया गया। गृह मंत्री अमित शाह ने मंच पर उन्हें पदक पहनाकर सम्मानित किया, जो पूरे मुजफ्फरनगर और उत्तर प्रदेश के लिए अत्यंत गौरव का क्षण रहा। भव्य समारोह के दौरान गरिमामयी मंच पर मुख्य अतिथि अमित शाह के साथ सीमा सुरक्षा बल के महानिदेशक (DG) श्री प्रवीण कुमार (IPS), आसूचना ब्यूरो (IB) के महानिदेशक श्री तपन डेका (IPS), भारत सरकार के सचिव (सीमा प्रबंधन) और सीमा सुरक्षा बल के विशेष महानिदेशक श्री महेश अग्रवाल (IPS) उपस्थित रहे। सभी वरिष्ठ अधिकारियों ने पदक विजेताओं का हौसला बढ़ाया और बल की तकनीकी व रणनीतिक क्षमताओं को और मजबूत करने का संकल्प दोहराया।

Share this post:

5 1 vote
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments

खबरें और भी हैं...

वोट करें

Are You Satisfied Lokpath Live

Our Visitor

1 0 7 9 9 4
Total views : 316653

Follow us on