
लोकपथ लाइव, गाजियाबाद। जनपद में कमर्शियल व घरेलू गैस सिलेंडरों की किल्लत और बढ़ती महंगाई के विरोध में शनिवार को आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में अनोखा प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पर ही ईंटों से चूल्हा बनाया और लकड़ी जलाकर रोटियां सेंकी, जो केंद्र सरकार की नीतियों के प्रति उनके आक्रोश का प्रतीक बना।
इस अवसर पर राष्ट्रपति के नाम जिला अधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें कमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति पर लगी कथित रोक को तत्काल हटाने और गैस के दामों में की गई बढ़ोतरी को वापस लेने की मांग की गई है। आम आदमी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष विजय शर्मा ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र की गलत आर्थिक नीतियों के कारण जनता एक बार फिर लाइनों में लगने को मजबूर है। उन्होंने कहा कि रेस्तरां, ढाबा, ठेली संचालकों और औद्योगिक इकाइयों को गैस न मिलने से हजारों लोगों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो गया है।
प्रदर्शन के दौरान प्रदेश प्रवक्ता तरुणिमा श्रीवास्तव ने कहा कि यदि जल्द ही महंगाई और गैस आपूर्ति पर ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो पार्टी देशव्यापी जन आंदोलन शुरू करेगी। इस विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से मुकेश प्रजापति, जतिन शर्मा, स्वतंत्र यादव, पीयूष राठी सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Post Views: 39












Total views : 242690