उत्तराखंड: पौड़ी गढ़वाल के डीएम और एसएसपी हटाए गए
सीएम पुष्कर सिंह धामी की नाराजगी के बाद हुआ उत्तराखंड में बड़ा फेरबदल
LP Live, Dehradun: उत्तराखंड सरकार ने पौड़ी गढ़वाल के डीएम विजय कुमार जोगदांडे और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक यशवंत सिंह को हटा दिया है। दोनों अफसरों को बाध्य प्रतीक्षा में रखा गया है। आशीष चौहान को वहां के नए डीएम और श्वेता चौबे को जिले की एसएसपी की जिम्मेदारी सौंपी है। अंकिता भंडारी हत्याकांड और बस हादसे में प्रशासनिक लापरवाही के कारण यह बदलाव हुए हैं। बताया जा रहा है कि इन दोनों ही मामलों में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खासे नाराज थे। डीएम और कप्तान को हटाने की चर्चाएं लगातार गरमा रही थीं।
अपर सचिव कार्मिक ललित मोहन रयाल ने शुक्रवार को तबादला आदेश जारी किए। आदेश के मुताबिक पिथौरागढ़ के जिलाधिकारी आशीष कुमार चौहान को पौड़ी का जिलाधिकारी बनाया गया है। उनकी जगह बागेश्वर की जिलाधिकारी रीना जोशी को भेजा गया है।
जोशी का प्रभार आईएएस अनुराधा पाल संभालेंगी। अनुराधा पिथौरागढ़ के मुख्य विकास अधिकारी के पद पर थीं। वहीं, चमोली की पुलिस कप्तान श्वेता चौबे को पौड़ी गढ़वाल का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। इस बाबत उप सचिव गृह विजय कुमार ने तबादला आदेश जारी किया है।