
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत के पहली बार शुकतीर्थ आगमन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 22 नवंबर की शाम करीब छह बजे संघ प्रमुख शुकदेव आश्रम पहुंचेंगे। उनके दो दिवसीय प्रवास को देखते हुए बुधवार को जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह और एसएसपी सूरज कुमार राय ने आश्रम पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था और तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों ने निर्माण कार्य 20 नवंबर तक पूरा कराने के निर्देश दिए हैं।
डॉ. मोहन भागवत 22 और 23 नवंबर को शुकतीर्थ में प्रवास करेंगे। उनके आगमन से पहले डीएम और एसएसपी ने आश्रम परिसर में स्थित शिक्षा ऋषि वीतराग स्वामी कल्याणदेव की समाधि मंदिर, यज्ञशाला, अक्षय वट और शुकदेव मंदिर का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने पर्यटन विभाग के अभियंताओं को निर्देश दिए कि आश्रम में चल रहे सभी निर्माण कार्य 20 नवंबर तक हर हाल में पूरे कर लिए जाएं। उन्होंने व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी।
एसएसपी सूरज कुमार राय ने कार्यक्रम के ट्रस्टी ओमदत्त आर्य से तैयारियों की जानकारी ली। संघ प्रमुख की सुरक्षा को लेकर दिल्ली से आए अधिकारियों के साथ भी समन्वय किया गया। अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल और आश्रम परिसर की सुरक्षा व्यवस्था के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। इस दौरान डीएम और एसएसपी ने शुकदेव आश्रम के पीठाधीश्वर स्वामी ओमानंद महाराज से भी भेंट की। स्वामी ओमानंद महाराज ने नवागत जिलाधिकारी को शुकतीर्थ में प्रथम आगमन पर आशीर्वाद दिया।
23 नवंबर को करेंगे यज्ञ, वेदव्यास मंदिर का करेंगे लोकार्पण
संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत हरिद्वार स्थित शांतिकुंज के शताब्दी वर्ष समारोह में 20 और 21 नवंबर को शामिल होंगे। इसके बाद 22 नवंबर को रुड़की में कार्यक्रम में भाग लेने के बाद शाम करीब छह बजे कार से शुकदेव आश्रम पहुंचेंगे। यहां रात्रि विश्राम करेंगे।
23 नवंबर को वह आश्रम में यज्ञ करेंगे और महर्षि वेदव्यास मंदिर का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद आश्रम स्थित अक्षय वट की परिक्रमा करेंगे। कार्यक्रम के दौरान संस्कृत विद्यालय के विद्यार्थियों, पुजारियों और संतों के साथ उनका संवाद भी प्रस्तावित है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, उसी दिन शाम चार बजे वह कार से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
Post Views: 50












Total views : 456006