
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में देश-विदेश में विशिष्ट पहचान रखने वाले प्रख्यात पर्यावरणविद् एवं पद्म भूषण से सम्मानित डॉ. अनिल प्रकाश जोशी का खतौली के बाद मुजफ्फरनगर आगमन हुआ। इस अवसर पर स्थानीय जी.डी. गोयनका पब्लिक स्कूल में उनका गरिमामय अभिनंदन किया गया। समारोह में विद्यालय प्रबंधन समिति के प्रमुख सदस्य सचिन गोयल, शाश्वत गोयल, सुलभ गोयल एवं पवन गोयल, प्रधानाचार्या डॉ. स्वाति शर्मा, उप-प्रधानाचार्या अंजली आनंद सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और शहर के विभिन्न विद्यालयों से आए शिक्षकगण उपस्थित रहे।
देहरादून स्थित हिमालयन पर्यावरण अध्ययन एवं संरक्षण संगठन (HESCO) के संस्थापक डॉ. जोशी ने अपना संपूर्ण जीवन प्रकृति संरक्षण को समर्पित किया है। ‘प्रकृति ही प्रभु है’ के प्रेरक संदेश के साथ उन्होंने नेपाल के जनकपुर धाम से उत्तराखंड तक लगभग 3,000 किलोमीटर की अंतरराष्ट्रीय साइकिल यात्रा ‘प्रगति पथ यात्रा – पेडल फॉर नेचर’ का नेतृत्व कर जल, वायु, मिट्टी और वनों के संरक्षण का संदेश दिया। सकल पर्यावरण उत्पाद (GEP) की अवधारणा देने वाले डॉ. जोशी को वर्ष 2006 में पद्म श्री, वर्ष 2020 में पद्म भूषण और जमनालाल बजाज पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों ने पर्यावरण के प्रति उनके समर्पण की सराहना की। प्रधानाचार्या डॉ. स्वाति शर्मा और उप-प्रधानाचार्या अंजली आनंद ने उनके विचारों को आज की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए कहा कि प्रकृति का संरक्षण प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। यह समारोह भावी पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण निर्माण का प्रेरणादायी संदेश देकर संपन्न हुआ।
Post Views: 67












Total views : 454144