
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के नवनियुक्त जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह ने शनिवार रात अपना कार्यभार ग्रहण करने के तुरंत बाद रविवार को कलेक्ट्रेट का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जिलाधिकारी कार्यालय और कलेक्ट्रेट स्थित कंट्रोल रूम पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
पदभार संभालने के ठीक बाद प्रशासनिक कामकाज की स्थिति का जायजा लेने पहुंचे डीएम सुनील कुमार सिंह ने सबसे पहले जिलाधिकारी कार्यालय का निरीक्षण किया। इसके बाद वे कलेक्ट्रेट परिसर में संचालित कंट्रोल रूम पहुंचे, जहां उन्होंने कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त रखी जाएं और सौंपे गए कार्यों का जिम्मेदारी के साथ निर्वहन किया जाए।
नए जिलाधिकारी द्वारा कार्यभार संभालते ही किए गए इस औचक निरीक्षण को प्रशासनिक व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त करने और कामकाज की सीधी जानकारी लेने की एक महत्वपूर्ण कवायद के रूप में देखा जा रहा है। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अमित सिंह और अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गंभीर सिंह सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।
Post Views: 121












Total views : 454144