
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। जिले के अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) माध्यमिक विद्यालयों में नवनियुक्त 79 शिक्षकों की दीपावली उनके विद्यालयों के प्रधानाचार्यों की लापरवाही की भेंट चढ़ गई। माध्यमिक शिक्षा निदेशक के स्पष्ट आदेशों के बावजूद संबंधित प्रधानाचार्यों द्वारा वेतन संबंधी पत्रावलियां समय पर न भेजे जाने के कारण इन शिक्षकों को नौकरी का पहला वेतन नहीं मिल सका, जिससे उनके घरों में त्योहार की खुशियां तो मनी, लेकिन नौकरी के बाद भी वेतन हाथ में नहीं होने के कारण वह दीपावली की खुशियों में चार चांद नहीं लग पाए।
विगत माह जनपद के एडेड विद्यालयों में कुल 118 शिक्षकों की तैनाती शासन से हुई थी, जिसमें 98 सहायक अध्यापक और 20 प्रवक्ता ने कार्यभार ग्रहण किया था। इन नवनियुक्त शिक्षकों के घरों में खुशियां दोगुनी करने के उद्देश्य से माध्यमिक शिक्षा निदेशक ने जिला विद्यालय निरीक्षक को पत्र जारी कर दीपावली से पूर्व हर हाल में इनका वेतन जारी करने के निर्देश दिए थे। निदेशक के आदेश के अनुपालन में डीआईओएस ने सभी संबंधित विद्यालयों को तत्काल शिक्षकों के आवश्यक दस्तावेज व पत्रावली कार्यालय भिजवाने को कहा था। हैरानी की बात यह रही कि केवल 17 विद्यालयों के प्रधानाचार्यों ने ही गंभीरता दिखाते हुए 39 शिक्षकों की फाइलें समय पर भेजीं, जिनका वेतन रिलीज कर दिया गया। वहीं, शेष विद्यालयों की सुस्ती के कारण 79 शिक्षक दीपावली में मिलने वाले अपनी नौकरी के पहले वेतन से वंचित रह गए। वेतन न मिलने से शिक्षकों में गहरा रोष और निराशा व्याप्त है। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीआईओएस ने उच्चाधिकारियों के आदेशों की अनदेखी करने वाले लापरवाह विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।

क्या बोले जिला विद्यालय निरीक्षक
मुजफ्फरनगर में 98 सहायक अध्यापकों व 20 प्रवक्ताओं की नई नियुक्ति एडिड विद्यालयों में हुई थी, जिनके लिए निदेशक ने दीपावली पर वेतन रिलीज करने के आदेश दिए थे। निदेशक का पत्र अंत में आया था फिर भी हमने 39 शिक्षकों को वेतन दिलवा दिया। शेष शिक्षकों का वेतन प्रधानाचार्यों की लापरवाही के कारण लंबित हुआ, जिसके लिए उनसे स्प्ष्टीकरण मांगा जाएगा।
हरिकेश यादव, प्रभारी डीआईओएस मुजफ्फरनगर
Post Views: 126












Total views : 454144