
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर । डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन उत्तर प्रदेश की जिला शाखा मुजफ्फरनगर की ओर से 13 नवंबर को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय पर प्रस्तावित एक दिवसीय धरने को राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद ने समर्थन दिया है। परिषद के जिलाध्यक्ष संजीव लांबा और जिला मंत्री सुधीर बालियान ने परिषद के समस्त घटक संगठनों के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों से दल-बल के साथ धरने में शामिल होने का आह्वान किया है।
डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन ने अपनी 18 सूत्रीय लंबित मांगों को लेकर आंदोलन का ऐलान किया है। एसोसिएशन की ओर से जारी पत्र के अनुसार, 13 नवंबर को जिले के सभी चीफ फार्मासिस्ट एवं फार्मासिस्ट सीएमओ कार्यालय पर एक दिवसीय धरना देंगे। इसके माध्यम से मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री (स्वास्थ्य मंत्री), प्रमुख सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य तथा महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं उत्तर प्रदेश को संबोधित ज्ञापन भेजा जाएगा।
फार्मासिस्ट संवर्ग की प्रमुख मांगों में पदनाम परिवर्तन, औषधियों का नुस्खा लिखने का अधिकार दिए जाने, पदों के सृजन के मानकों में संशोधन तथा अन्य लंबित सेवा संबंधी मांगों का निस्तारण शामिल है। एसोसिएशन का कहना है कि लंबे समय से संगठन की मांगों पर शासन और महानिदेशालय स्तर पर वार्ता नहीं हो रही है, जिससे कर्मचारियों में नाराजगी है।
एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं होने की स्थिति में आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा। इसके तहत 20 नवंबर को लखनऊ स्थित महानिदेशालय चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं के कार्यालय पर धरना प्रस्तावित है।
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष संजीव लांबा एवं जिला मंत्री सुधीर बालियान ने सभी घटक संगठनों से एकजुटता दिखाते हुए 13 नवंबर के धरने में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की है।
Post Views: 106












Total views : 451838