
गंगनानी बाजार के पास 200 मीटर गहरी खाई से नदी में गिरी कार
लोकपथ लाइव, उत्तरकाशी। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। गंगनानी बाजार से आगे डबरानी की ओर गुजरात के यात्रियों से भरी एक कार अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी और नदी में समा गई। हादसे में पांच लोगों की मौत होने की सूचना है, जबकि दो लोग लापता बताए जा रहे हैं। एक गंभीर घायल को रेस्क्यू कर उपचार के लिए भेजा गया है। गंगोत्री धाम के दर्शन की उम्मीद लेकर निकले यात्रियों का सफर इस दर्दनाक हादसे में बदल गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस, एसडीआरएफ और आपातकालीन सेवा की टीमें राहत एवं बचाव अभियान में जुटी हैं।


गंगोत्री के लिए रवाना हुए थे गुजरात के यात्री
जानकारी के अनुसार, वाहन में गुजरात के छह यात्री और एक चालक सहित कुल सात लोग सवार थे। सभी गुरुवार सुबह हिना के समीप से गंगोत्री धाम के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान गंगनानी बाजार से आगे डबरानी की ओर जाते समय वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सड़क से नीचे करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इसके बाद वाहन नदी में समा गया। हादसा इतना भीषण था कि वाहन में सवार लोग दूर-दूर तक जा गिरे।

नदी किनारे मिले चार शव
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और 108 आपातकालीन सेवा की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना हो गईं। बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर नदी किनारे और आसपास के क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। प्रारंभिक राहत एवं बचाव अभियान के दौरान नदी किनारे चार लोगों के शव बरामद किए गए। बाद में मृतकों की संख्या पांच बताई गई। वाहन में सवार अन्य लोगों की तलाश भी जारी है। एक गंभीर घायल को उपचार के लिए भेजा गया है।
मृतकों और घायलों की सूची जारी
प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार हादसे में जान गंवाने वालों में गुजरात के यात्री और वाहन चालक शामिल हैं।
मृतक:
1. अशोकबेन पटेल (49 वर्ष), निवासी शिवालिक रेजीडेंसी, कटारगाम, सूरत, गुजरात।
2. रुतिका अशोकभाई पटेल (19 वर्ष), निवासी कटारगाम, सूरत, गुजरात।
3. घनश्यामभाई सरवालिया (32 वर्ष), निवासी गुजरात।
4. सुरेंद्र सिंह, निवासी हरिद्वार (वाहन चालक)।
5. पांचवें मृतक की पहचान की विस्तृत जानकारी अभी स्पष्ट नहीं है।
हादसे में घायल:
– वेदांत अशोकभाई पटेल (17 वर्ष), निवासी कटारगाम, सूरत, गुजरात।
दो यात्री लापता
1. सुधाबेन अशोकभाई पटेल (45 वर्ष), निवासी कटारगाम, सूरत, गुजरात।
2. किरणबेन विशालभाई पटेल (34 वर्ष), निवासी सायला, सुरेंद्रनगर, गुजरात।
नदी और खाई में बचाव दल का अभियान जारी
हादसे के बाद एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें नदी किनारे तथा आसपास के दुर्गम क्षेत्रों में तलाश अभियान चला रही हैं। खाई की गहराई और नदी में वाहन समा जाने के कारण बचाव दल को चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा है। गंगोत्री धाम की यात्रा पर निकले परिवार के साथ हुए इस हादसे से गुजरात और उत्तराखंड में शोक का माहौल है। फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता लापता लोगों की तलाश और घायल को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। हादसे के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।











Total views : 448501