
रेस्क्यू करने में जुटी एनडीआरएफ एवं बचाव दल की टीमें
लोकपथ लाइव, नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के पुरानी दिल्ली स्थित चावड़ी बाजार इलाके में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। गली सितारा में चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के पास निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत अचानक भरभराकर ढह गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दमकल विभाग, पुलिस और राहत-बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया।


सुबह करीब 9:30 बजे अचानक ढह गई इमारत
दमकल विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, गुरुवार सुबह करीब 9:30 बजे गली सितारा में इमारत गिरने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की छह से अधिक गाड़ियां, वॉटर टेंडर और रेस्क्यू वाहन घटनास्थल पर भेजे गए। राहत एवं बचाव दल ने मलबा हटाकर उसमें फंसे लोगों को बाहर निकालने का अभियान शुरू किया। हादसे की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे और बचाव अभियान की निगरानी की। संकरी गलियों और आसपास घनी आबादी होने के कारण राहत कार्य में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। मलबे में अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका के चलते बचाव दल लगातार तलाशी अभियान चला रहा है।

जोरदार आवाज सुनकर घरों से बाहर निकले लोग
घटनास्थल के आसपास रहने वाले लोगों ने बताया कि सुबह अचानक जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। इसके बाद लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। प्रत्यक्षदर्शी मोहम्मद नईम के अनुसार, हादसा सुबह करीब 9 से 9:30 बजे के बीच हुआ। उस समय आसपास के लोग सो रहे थे। नईम ने बताया कि आवाज सुनकर उन्हें लगा कि उनका अपना मकान गिर गया है। जब बाहर निकलकर देखा तो पास में निर्माणाधीन इमारत मलबे में तब्दील हो चुकी थी। उन्होंने बताया कि इमारत में तीन-चार चौखटें बन चुकी थीं और निर्माण का काम पिछले तीन से चार महीने से चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने भी राहत कार्य में मदद की। एक शव को मलबे से बाहर निकाले जाते हुए देखा गया। घायल मजदूरों से मिली जानकारी के अनुसार, घटना के समय वहां तीन से चार लोग मौजूद थे। हालांकि, मलबे में कुल कितने लोग दबे हैं, इसकी आधिकारिक पुष्टि बचाव अभियान पूरा होने के बाद ही हो सकेगी।
पुरानी दिल्ली के व्यस्त बाजार में हादसे से दहशत
चावड़ी बाजार पुरानी दिल्ली के सबसे व्यस्त व्यावसायिक इलाकों में शामिल है। यहां दिनभर व्यापारियों, दुकानदारों, मजदूरों और ग्राहकों की आवाजाही रहती है। चांदनी चौक और आसपास के थोक बाजारों में त्योहारों के दौरान भीड़ और बढ़ जाती है। ऐसे में निर्माणाधीन इमारत का गिरना स्थानीय लोगों और व्यापारियों के लिए चिंता का विषय बन गया है।
टाउन हॉल की इमारत भी ढहने से उठे सवाल
दिल्ली में लगातार दो दिनों में इमारतों से जुड़े हादसों ने पुराने भवनों की सुरक्षा और निर्माण कार्यों की निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। चांदनी चौक में बुधवार को दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के स्वामित्व वाली 160 वर्ष से अधिक पुरानी ऐतिहासिक टाउन हॉल इमारत का एक हिस्सा ढह गया था। यह इमारत प्रथम श्रेणी की संरक्षित धरोहर में शामिल है। हादसे में इमारत का अग्रभाग, पहली मंजिल, छत, मुख्य प्रवेश द्वार के बरामदे की दीवारें और उसके ऊपर लगी घड़ी क्षतिग्रस्त हो गई।
लंबे समय से जर्जर हालत में था टाउन हॉल
टाउन हॉल परिसर वर्ष 2011-12 में एमसीडी का मुख्यालय दूसरी जगह स्थानांतरित होने के बाद से काफी हद तक उपयोग से बाहर था। परिसर की जर्जर हालत, क्षतिग्रस्त खिड़कियां, उखड़ा हुआ प्लास्टर और खराब गलियारे पहले से ही रखरखाव की जरूरत की ओर संकेत कर रहे थे। एक ओर ऐतिहासिक धरोहर इमारत का हिस्सा ढहना और दूसरी ओर निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत का गिरना दिल्ली में भवन सुरक्षा, निर्माण की गुणवत्ता और नियमित निरीक्षण की व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता पैदा करता है। फिलहाल चावड़ी बाजार में राहत एवं बचाव अभियान जारी है। हादसे के कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।











Total views : 448489