
सीडीएस जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने की घोषणा: 75 फीसदी को मिलेगा दो साल का अतिरिक्त सेवाकाल
लोकपथ लाइव, नई दिल्ली। भारतीय सशस्त्र बलों (थलसेना, नौसेना और वायुसेना) में अग्निपथ योजना के तहत सेवा दे रहे युवाओं के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों के अनुसार, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने अग्निवीरों की निर्धारित चार साल की सेवा अवधि को दो साल बढ़ाने की घोषणा की है। इस नए फैसले के बाद अब अग्निवीरों को कुल छह साल तक सशस्त्र बलों में सेवा करने का अवसर मिलेगा।


यह महत्वपूर्ण निर्णय ऐसे समय पर आया है, जब सेना के तीनों अंग नवंबर 2026 के मध्य से अग्निपथ योजना (जो 14 जून 2022 को शुरू हुई थी) के पहले बैच के करीब 75 फीसदी अग्निवीरों को चरणबद्ध तरीके से सेवामुक्त करने की तैयारी कर रहे थे। पहले बैच के प्रदर्शन की समीक्षा में बेहद सकारात्मक परिणाम देखने को मिले हैं।

25 फीसदी होंगे स्थायी, 75 फीसदी को मिलेगा 2 साल का विस्तार
दो साल की अतिरिक्त सेवा अवधि पूरी होने के बाद इच्छुक अग्निवीरों को पुनः चयन प्रक्रिया में भाग लेने का मौका दिया जाएगा। जो अभ्यर्थी निर्धारित शारीरिक व पेशेवर मानकों पर खरे उतरेंगे, उन्हें नियमित रूप से सशस्त्र बलों में शामिल कर लिया जाएगा। इस योजना को संशोधित नियमों के तहत चलाया जा रहा है:
25 फीसदी अग्निवीर: निर्धारित 4 साल का कार्यकाल पूरा होने के बाद नियमित सशस्त्र बलों में स्थायी रूप से शामिल किए जाएंगे।
75 फीसदी अग्निवीर: इन्हें दो साल का अतिरिक्त सेवाकाल (एक्सटेंशन) दिया जाएगा, जिससे इनकी कुल सेवा 6 साल हो जाएगी।
अतिरिक्त सेवा के दौरान मिलेगा अधिक वेतन और विस्तारित सेवा निधि
सीडीएस जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने बताया कि केंद्रीय कैबिनेट ने अग्निवीरों के लिए दो साल की अतिरिक्त सेवा अवधि को अपनी औपचारिक मंजूरी प्रदान कर दी है। इस विस्तारित दो साल की अवधि के दौरान अग्निवीरों को पहले से अधिक पारितोषिक (वेतन) और विस्तारित ‘सेवा निधि’ पैकेज का लाभ मिलेगा।
पहले बैच के अग्निवीरों को मिलेगा लाभ
अग्निपथ योजना के तहत भर्ती हुए पहले बैच के अग्निवीरों का चार साल का कार्यकाल पूरा होने वाला है। ऐसे में यह फैसला महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नई व्यवस्था का उद्देश्य प्रशिक्षित और अनुभवी जवानों की सेवाओं का अधिक समय तक उपयोग करना है।
भर्ती के लिए पारदर्शिता पर मुख्य फोकस
सीडीएस के अनुसार, चार साल की सेवा के दौरान अग्निवीरों ने शारीरिक फिटनेस, उच्च मनोबल और उत्कृष्ट अनुशासन का प्रदर्शन किया है। चयन प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए पहले ऑनलाइन लिखित परीक्षा और उसके बाद शारीरिक दक्षता परीक्षा ली जा रही है। साथ ही, 10वीं पास करके भर्ती हुए अग्निवीरों को सेवा के दौरान अपनी आगे की पढ़ाई पूरी करने के अवसर भी प्रदान किए जा रहे हैं।











Total views : 448005