
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर: दून वैली पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने विभिन्न अंतर-राज्यीय एवं जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए विद्यालय और जनपद का नाम रोशन किया है।
गाजियाबाद के वसुंधरा स्थित एस. जी. पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 2 अक्टूबर 2026 को ‘दिल्ली-एनसीआर कप 2026 हरियाणा-दिल्ली-उत्तर प्रदेश राज्य स्तरीय परफॉर्मिंग आर्ट्स चैंपियनशिप’ का आयोजन किया गया था। इस प्रतियोगिता के पारंपरिक एकल नृत्य वर्ग में दून वैली स्कूल की छात्रा एमिली सिंह ने अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुति से द्वितीय स्थान हासिल किया।
इसके साथ ही, 18 अक्टूबर 2026 को मुज़फ्फरनगर के अग्रसेन भवन में आयोजित ‘प्रथम इंटेलिजेंस रैपिड चेस टूर्नामेंट’ में भी विद्यालय की छात्राओं ने अपनी दिमागी क्षमता का बेहतरीन प्रदर्शन किया। टूर्नामेंट में कक्षा तीन की छात्रा सेजल तायल ने प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीता, वहीं कक्षा चार की छात्रा दिव्यांशी गर्ग ने कड़े मुकाबले में तृतीय स्थान प्राप्त किया।
विद्यार्थियों की इस शानदार सफलता पर विद्यालय के प्रबंधक श्री अनुराग सिंघल ने सभी विजेता छात्राओं को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उपप्रधानाचार्या मिस ईवा गुप्ता ने बच्चों के कड़े परिश्रम, लगन और अनुशासन की सराहना की। इस अवसर पर विद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों को तराशने और प्रशिक्षित करने वाले मुख्य कोच श्री गौरव सांगवान एवं सुश्री आयुषी चौधरी के विशेष योगदान की भी प्रशंसा की।
Post Views: 203













Total views : 448204