Select Language :

Home » उत्तर प्रदेश » यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो सीजन-4 में दिखेगा पूरे उत्तर प्रदेश के स्वाद का संगम

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो सीजन-4 में दिखेगा पूरे उत्तर प्रदेश के स्वाद का संगम

लखनऊ/ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में राज्य की औद्योगिक, कारोबारी और उद्यमशील क्षमता के साथ-साथ यहाँ की समृद्ध एवं विविध खानपान परंपरा भी देश-दुनिया के खरीदारों और निवेशकों के सामने अपनी छाप छोड़ेगी। ग्रेटर नोएडा में आयोजित होने वाले इस ट्रेड शो के विशाल फूड कोर्ट में प्रदेश के सभी जनपदों एवं अंचलों के पारंपरिक और प्रसिद्ध व्यंजनों को एक ही स्थान पर सजाया जाएगा, जिससे आगंतुकों को पूरे उत्तर प्रदेश के विशिष्ट स्वाद का अनुभव एक ही परिसर में मिल सकेगा।
‘यूपी का स्वाद’ में दिखेगी समृद्ध खानपान विरासत, मुजफ्फरनगर और मेरठ भी चमेगा
फूड कोर्ट में ‘यूपी का स्वाद’ थीम के तहत राज्य के कोने-कोने के मशहूर जायकों को शामिल किया गया है। इसमें मोदीनगर की प्रसिद्ध जैन शिकंजी, खुर्जा की खुरचन, मुरादाबाद की दाल और बिस्कुट रोटी, नोएडा की गुर्जरी थाली, लखनऊ के मशहूर गलौटी कबाब, टुंडे कबाब व लखनवी बिरयानी, तथा वाराणसी का बनारसी पान, टमाटर चाट व कुल्हड़ चाय विशेष आकर्षण होंगे।
इसके अलावा कानपुर की दही-जलेबी व समोसा चाट, आगरा का पेठा व बेढ़ई, मथुरा का पेड़ा, प्रयागराज की तहरी व लस्सी, गोरखपुर का ठेकुआ, बलिया का लिट्टी-चोखा, झांसी का पोहा व बालूशाही, बरेली की आलू टिक्की व सींक कबाब, मेरठ की रेवड़ी-गजक, अयोध्या की गुझिया, इटावा के मठा के आलू तथा मुजफ्फरनगर की गजक व गन्ने के उत्पादों का स्वाद भी देशी-विदेशी मेहमानों को लुभाएगा।
‘यूपी की खाऊ गली’ और ग्रामीण आजीविका मिशन का रहेगा जलवा
ट्रेड शो में विशेष रूप से तैयार की जा रही ‘यूपी की खाऊ गली’ में अवध, पूर्वांचल, बुंदेलखंड और पश्चिमी यूपी के प्रांतीय स्वादों का विशेष गलियारा बनाया जाएगा। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन का एक समर्पित फूड स्टॉल भी होगा, जहाँ स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी ग्रामीण महिलाओं द्वारा तैयार पारंपरिक व्यंजनों को प्रदर्शित किया जाएगा।
वैश्विक ब्रांडों का तालमेल बिठाते हुए फूड कोर्ट में डोमिनोज, सबवे, वॉव मोमोज, बीकानेरवाला, बरिस्ता, केएफसी और बर्गर किंग जैसे प्रमुख फूड चेन्स के स्टॉल भी मौजूद रहेंगे।
स्थानीय पहचान को वैश्विक बाजार से जोड़ने की पहल
योगी सरकार के नेतृत्व में इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य ‘लोकल टू ग्लोबल’ की अवधारणा को साकार करना है। ट्रेड शो केवल उद्योग और निवेश तक सीमित न रहकर उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक और खानपान की पहचान को भी वैश्विक मंच प्रदान कर रहा है। देश-विदेश से आने वाले उद्यमियों व निवेशकों के लिए यह आयोजन प्रदेश की आर्थिक प्रगति के साथ-साथ उसकी सांस्कृतिक जड़ों और अनूठे जायके से रूबरू होने का एक बेहतरीन अवसर साबित होगा।

Share this post:

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

खबरें और भी हैं...

वोट करें

[democracy id="1"]

Our Visitor

1 5 7 6 4 5
Total views : 418687

Follow us on