
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। जनपद में बिना मानकों के संचालित हो रहे निजी अस्पतालों और उपचार के दौरान हो रही मौतों के मामलों पर शिवसेना ने आवाज उठाई है। सोमवार को पश्चिम प्रदेश प्रमुख ललित मोहन शर्मा के निर्देशानुसार जिलाध्यक्ष बिट्टू सिखेड़ा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने सीएमओ डॉ. सुनील कुमार तेवतिया से मुलाकात कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में सुधार और फर्जी संस्थानों पर कार्रवाई की मांग की।
शिवसेना पदाधिकारियों ने सीएमओ को अवगत कराया कि शहर व देहात क्षेत्रों में कई अस्पताल और मेडिकल सेंटर बिना वैध कागजातों और बिना निर्धारित मानकों के धड़ल्ले से चल रहे हैं। कुछ संस्थानों में लापरवाही के चलते मरीजों की जान जाने के मामले भी सामने आए हैं, जिससे आम जनता में गहरा आक्रोश है। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि सभी निजी अस्पतालों का औचक निरीक्षण कर उनकी पंजीकरण स्थिति, डॉक्टर्स व पैरामेडिकल स्टाफ की योग्यता, अग्निशमन व्यवस्था, बायो-मेडिकल वेस्ट और चिकित्सा उपकरणों की जांच की जाए। सीएमओ डॉ. सुनील कुमार तेवतिया ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि स्वास्थ्य विभाग निजी अस्पतालों पर लगातार निगरानी बनाए हुए है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच व्यवस्था को और कड़ा किया जाएगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी संस्थान को बख्शा नहीं जाएगा। इस मौके पर मुकेश त्यागी, राजीव गर्ग, उज्ज्वल पंडित, अरुण कुमार, विशाल नायक, कुलदीप नायक, रविंद्र चौहान, रोशन कुमार समेत कई शिवसैनिक उपस्थित रहे।
Post Views: 161













Total views : 412279